नागरिक समस्याओं को लेकर विधायक पंकज सिंह से मिला नौएडा सिटीजन फोरम का प्रतिनिधिमंडल
होम्स-121 सोसाइटी में वर्षों से लंबित रजिस्ट्री , पर्थला चौक पर यू-टर्न व इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा के स्टॉप एवं सर्फाबाद के पेयजल संकट सहित विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग।

नौएडा – नौएडा सिटीजन फोरम का एक प्रतिनिधिमंडल स्थानीय नागरिको के साथ नौएडा के विधायक पंकज सिंह से मिला तथा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न गंभीर जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर उन्हें विस्तृत पत्र सौंपे।
प्रतिनिधिमंडल ने होम्स-121 सोसाइटी, सेक्टर-121, के लगभग 120 पात्र फ्लैट खरीदारों की वर्षों से लंबित प्रथम सब-लीज़ डीड (रजिस्ट्री) के समाधान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। लंबे समय से रजिस्ट्री नहीं होने के कारण संबंधित नागरिकों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फोरम ने मांग की कि संबंधित विभागों एवं नौएडा प्राधिकरण के साथ समन्वय कर इस मामले का शीघ्र समाधान कराया जाए।
पर्थला चौक पर यू-टर्न की मांग:
प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-121 एवं होम्स-121 के निवासियों की गंभीर यातायात समस्या को भी विधायक के समक्ष रखा। हालिया ट्रैफिक डायवर्जन एवं पर्थला चौक का गोलचक्कर बंद होने से स्थानीय निवासियों को विशेषकर पीक आवर्स में लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है और जाम की समस्या बढ़ गई है।
फोरम ने पर्थला चौक पर सुरक्षित एवं व्यावहारिक यू-टर्न की सुविधा उपलब्ध कराने तथा वर्तमान यातायात व्यवस्था की पुनः समीक्षा किए जाने की मांग की। साथ ही आपातकालीन सेवाओं की सुगमता को भी ध्यान में रखने का अनुरोध किया गया।
पर्थला चौक पर में इलेक्ट्रिक सिटी बस के स्टॉप एवं नियमित बस संचालन की मांग:
फोरम ने नोएडा में इलेक्ट्रिक बस सेवा के नियमित एवं प्रभावी संचालन का मुद्दा भी उठाया। विशेष रूप से पर्थला में बनाए गए बस स्टॉप पर नियमित इलेक्ट्रिक बस सेवा उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि स्थानीय नागरिकों एवं दैनिक यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके।
फोरम ने सभी निर्धारित रूटों पर बसों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित कराने का भी अनुरोध किया, जिससे नागरिकों को इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिवहन योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।
सर्फाबाद में पेयजल संकट के समाधान की मांग:
प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73 में गंभीर पेयजल संकट का मुद्दा भी विधायक के समक्ष रखा। फोरम ने बताया कि गांव के अनेक हिस्सों में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है, जबकि कई स्थानों पर दूषित पानी आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कुछ हिस्सों में लंबे समय से प्राधिकरण की जलापूर्ति नहीं पहुंचने के कारण ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए पानी खरीदने तक को मजबूर होना पड़ रहा है।
फोरम ने विधायक से ग्राम सर्फाबाद का स्वयं निरीक्षण करने तथा जल संकट से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत के लिए कम से कम 5 बोरिंग/सबमर्सिबल पंप विधायक निधि से उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। साथ ही दूषित पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को विधायक पंकज सिंह ने गंभीरता से सुना। उन्होंने नागरिकों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए सकारात्मक एवं आशाजनक आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय कर कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
नौएडा सिटीजन फोरम ने आशा व्यक्त की कि विधायक के हस्तक्षेप से होम्स-121 के लगभग 120 अनरजिस्टर्ड फ्लैटों की रजिस्ट्री, पर्थला चौक पर यू-टर्न की सुविधा, इलेक्ट्रिक बसों का नियमित संचालन तथा सर्फाबाद के पेयजल संकट सहित उठाए गए अन्य जनहित के मुद्दों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई होगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष चक्रधर मिश्रा, सचिव गरिमा त्रिपाठी, शेखर धर, पंकज उप्रेती, वी. रामकुमार, अशोक कालरा एवं सत्या मिश्रा आदि नागरिक उपस्थित रहे।



