Noida: पीएनबी में 10.24 करोड़ के गबन मामले में मूलधन के बाद ब्याज लौटाने की तैयारी, बैंक करेगा अब यह काम
बैंक की जांच में सामने आया था कि ग्राहकों की जमा रकम में करीब तीन साल तक हेराफेरी की जाती रही। इस मामले का खुलासा 16 सितंबर को हुआ, जब ऐच्छर निवासी संगीता अपने पति और बेटी के साथ पासबुक अपडेट कराने बैंक पहुंचीं।

ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की सेक्टर-पाई शाखा में सामने आए करोड़ों रुपये के घोटाले में अब खाताधारकों को राहत देने की कवायद तेज हो गई है। बैंक की शाखा में ग्राहकों के बचत खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) से कथित तौर पर 10.24 करोड़ रुपये की अनधिकृत निकासी का मामला सामने आया था। इस मामले में सीबीआई ने बैंक की महिला कर्मचारी दीपांशी और निजी व्यक्ति आशुतोष कुमार पाठक को गिरफ्तार किया है। वहीं, बैंक प्रबंधन ने प्रभावित खाताधारकों को मूलधन लौटाने के बाद अब ब्याज का भुगतान करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए एक समिति गठित की गई है।
बैंक की जांच में सामने आया था कि ग्राहकों की जमा रकम में करीब तीन साल तक हेराफेरी की जाती रही। इस मामले का खुलासा 16 सितंबर को हुआ, जब ऐच्छर निवासी संगीता अपने पति और बेटी के साथ पासबुक अपडेट कराने बैंक पहुंचीं। पासबुक में तीन संदिग्ध लेनदेन देखकर उन्होंने बैंक अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद बैंक ने मामले की आंतरिक जांच शुरू की। जांच में अलग-अलग ग्राहकों के खातों से अनधिकृत लेनदेन किए जाने की बात सामने आई।
दूसरे कर्मचारियों की आईडी का किया इस्तेमाल
बैंक की शिकायत के मुताबिक, कार्यालय सहायक दीपांशी ने कथित तौर पर शाखा के छह अन्य कर्मचारियों की सीबीएस यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर ग्राहकों के खातों से रकम निकाली। आरोप है कि लेनदेन से पहले कुछ ग्राहकों के मोबाइल अलर्ट भी बंद कर दिए गए थे, ताकि खाते से रकम निकलने की जानकारी उन्हें तुरंत न मिल सके। एफडी में भी हेराफेरी की गई। कुछ एफडी में निजी व्यक्तियों को संयुक्त खाताधारक बनाया गया और जमा अवधि पूरी होने से पहले ही उन्हें बंद कराकर रकम दूसरे खातों में भेज दी गई। लेनदेन से संबंधित कई वाउचर भी रिकॉर्ड में नहीं मिले।
बैंक के नोएडा सर्किल कार्यालय के मुख्य प्रबंधक अजय कुमार पांडेय की शिकायत पर सीबीआई की गाजियाबाद एंटी करप्शन ब्रांच ने 29 अक्तूबर को मामला दर्ज किया था। तीन नवंबर को सीबीआई ने बैंक कर्मचारी दीपांशी और पुणे निवासी निजी व्यक्ति आशुतोष कुमार पाठक को गिरफ्तार कर लिया। आशुतोष को पुणे की विशेष सीबीआई अदालत से ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईटी एक्ट की धाराओं में जांच की जा रही है।
घोटाले से प्रभावित खाताधारकों को राहत देने के लिए बैंक ने भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू की। बैंक प्रबंधन के अनुसार, प्रभावित 60 खाताधारकों में से 59 को उनकी जमा रकम वापस की जा चुकी है, जबकि एक खाताधारक को अभी भुगतान का इंतजार है। हालांकि, अधिकांश खाताधारकों को फिलहाल केवल मूलधन ही वापस मिला है। एफडी और अन्य जमा खातों पर मिलने वाला ब्याज अभी बाकी है।
खाताधारक लगातार बैंक अधिकारियों से ब्याज का भुगतान करने की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि उनकी जमा पूंजी पर नियमानुसार मिलने वाला ब्याज भी वापस किया जाना चाहिए। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने ब्याज भुगतान से जुड़े मामलों की जांच के लिए समिति गठित की है। समिति खाताधारकों के दावों, जमा अवधि और बैंक रिकॉर्ड का मिलान करेगी। इसके बाद ब्याज की देय रकम और भुगतान की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।
अब खाताधारकों को उम्मीद है कि बैंक जल्द ही बकाया मूलधन के साथ ब्याज का भुगतान भी पूरा करेगा। दूसरी ओर, सीबीआई जांच में घोटाले की पूरी रकम, अन्य आरोपियों की भूमिका और ग्राहकों के पैसे की अंतिम स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।




