रबूपुरा क्षेत्र में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन सतर्क, एसडीएम ने किया दौरा !

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के बाढ़ संभावित खादर इलाके का एसडीएम जेवर अभय कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने मेहंदीपुर खादर (उर्फ चंडीगढ़), मेहंदीपुर बांगर, पलहका और फलैदा गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
ग्रामीणों को किया जागरूक
बाढ़ की आशंका को देखते हुए एसडीएम ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी। ग्रामीणों से कहा गया कि वे बच्चों और पशुओं को नालों के पास न ले जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।
मुनादी कर दी चेतावनी
प्रशासन की ओर से मुनादी कराकर ग्रामीणों को चेतावनी दी गई कि हथनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना का जलस्तर कभी भी बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क और सजग रहने की जरूरत है। ग्राम प्रधान अमरीक सिंह ने बताया कि सभी ग्रामीणों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है।
बाढ़ चौकियों पर तैनाती
क्षेत्र में यमुना का जलस्तर बढ़ने से चिंता का माहौल है। संभावित खतरे को देखते हुए बाढ़ चौकियों पर पुलिस, हल्का लेखपाल और एनडीआरएफ की टीम लगातार तैनात हैं। ये टीमें दिन-रात मौके पर रहकर स्थिति की निगरानी कर रही हैं।




