मालवीय नगर अग्निकांड के बाद नोएडा के होटल, गेस्ट हाउस और पीजी की जांच की मांग, CONRWA अध्यक्ष P S जैन ने सौंपा ज्ञापन

नोएडा – दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत की घटना के बाद नोएडा में भी होटल, गेस्ट हाउस एवं पीजी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। कन्फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (CONRWA) के नोएडा चैप्टर ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी एवं पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर को ज्ञापन सौंपकर व्यापक जांच और औचक निरीक्षण की मांग की है।
CONRWA के अध्यक्ष डॉ. पी.एस. जैन, संयोजक बी.बी. वलेचा तथा महासचिव राजीव गर्ग ने अपने ज्ञापन में कहा है कि नोएडा क्षेत्र में संचालित सभी होटल, गेस्ट हाउस एवं पीजी संस्थानों की अग्नि सुरक्षा, भवन मानकों और वैधानिक अनुमतियों की गहन जांच कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
ज्ञापन में मांग की गई है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि होटल, OYO और पीजी संचालक स्वीकृत नक्शों एवं निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही संचालन कर रहे हैं। साथ ही संकरी एवं अव्यवस्थित गलियों में संचालित संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की भी विशेष समीक्षा की जाए, क्योंकि आपातकालीन परिस्थितियों में ऐसे स्थानों तक फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की पहुंच प्रभावित हो सकती है।
CONRWA ने सभी संस्थानों में अग्निशमन विभाग की वैध एनओसी, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, कर्मचारियों के प्रशिक्षण तथा नियमित मॉक ड्रिल की जांच कराने की मांग की है। संगठन ने बिना एनओसी संचालित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।
इसके अलावा होटलों और पीजी में इस्तेमाल हो रही पीवीसी पैनलिंग तथा लकड़ी के पार्टिशन जैसी ज्वलनशील सामग्रियों पर नियंत्रण की मांग करते हुए कहा गया है कि ऐसी सामग्री आग लगने की स्थिति में खतरे को कई गुना बढ़ा सकती है। ज्ञापन में विद्युत वायरिंग, एयर कंडीशनर, जनरेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
संगठन ने प्रशासन से जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध जांच अभियान चलाने तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।




