Noida: गौतमबुद्ध नगर में बिना PUCC के वाहनों को नहीं मिलेगा पेट्रोल और डीजल, पेट्रोल पंपों पर होगी मोबाइल ऐप से जांच
पेट्रोल पंपों पर ईंधन लेने आने वाले वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र की जांच की व्यवस्था लागू की जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए अब वाहन चालकों पर भी सख्ती की तैयारी है। एक अक्टूबर से गौतमबुद्ध नगर में बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसीसी) वाले वाहनों को पेट्रोल और डीजल नहीं दिया जाएगा। इसके लिए जिले के पेट्रोल पंपों पर पहुंचने वाले वाहनों की जांच मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी। पीयूसीसी नहीं मिलने पर संबंधित वाहन की जानकारी परिवहन विभाग को भेजी जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए कई स्तरों पर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पेट्रोल पंपों पर ईंधन लेने आने वाले वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र की जांच की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य वाहन चालकों को अपने वाहनों का प्रदूषण जांच प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए प्रोत्साहित करना और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर नियंत्रण करना है।
पेट्रोल पंपों पर होगी मोबाइल ऐप से जांच
अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर के सभी पेट्रोल पंपों पर कर्मचारियों के मोबाइल फोन में संबंधित ऐप डाउनलोड कराया जा रहा है। पेट्रोल पंप पर ईंधन लेने पहुंचने वाले वाहनों की पीयूसीसी की स्थिति ऐप के माध्यम से जांची जाएगी। वैध प्रमाण-पत्र होने पर वाहन को ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि प्रमाण-पत्र नहीं होने की स्थिति में संबंधित वाहन की जानकारी आगे की कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को भेजी जाएगी।
पंप संचालकों ने शुरू की तैयारी
एक अक्टूबर से व्यवस्था पूरी तरह लागू होने से पहले पेट्रोल पंप संचालकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कर्मचारियों को मोबाइल ऐप के इस्तेमाल और वाहनों की जांच की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जा रही है। जिले के पेट्रोल पंपों पर आने वाले वाहनों की जांच व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्टाफ को तैयार किया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, नई व्यवस्था का सीधा असर उन वाहन चालकों पर पड़ेगा, जो अपने वाहनों का प्रदूषण प्रमाण-पत्र समय पर नहीं बनवाते हैं। ऐसे वाहन चालकों को ईंधन लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन की ओर से वाहन मालिकों से समय रहते अपना पीयूसीसी बनवाने की अपील की जा रही है, ताकि एक अक्टूबर से लागू होने वाली व्यवस्था के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।




