मुकेश की अमर आवाज से सजी ‘शुक्रिया मुकेश–2026’ की शाम, 21 साल की हुई संगीत यात्रा
नोएडा में गूंजे मुकेश के सदाबहार नगमे, संगीत प्रेमियों ने याद किया हिंदी सिनेमा का स्वर्णिम दौर

नोएडा – महान पार्श्व गायक मुकेश की अमर आवाज और उनकी कालजयी संगीत विरासत को समर्पित वार्षिक कार्यक्रम ‘शुक्रिया मुकेश–2026’ का आयोजन रविवार को एन.ई.ए. ऑडिटोरियम, सेक्टर-6, नोएडा में किया गया। नवरत्न फाउंडेशन्स की ओर से आयोजित इस संगीतमय शाम में मुकेश के सदाबहार गीतों ने श्रोताओं को हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर की यादों में पहुंचा दिया।
मुकेश को समर्पित यह आयोजन इस वर्ष 21वें वर्ष में प्रवेश कर गया। दो दशक से अधिक समय से लगातार आयोजित हो रहा ‘शुक्रिया मुकेश’ अब उनकी संगीत विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाली एक महत्वपूर्ण पहल बन चुका है।
कार्यक्रम की शुरुआत नवरत्न फाउंडेशन्स के गीत की वीडियो प्रस्तुति से हुई। इसके बाद संस्था के अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। वंदे मातरम् और राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति और गरिमा से भर गया।
इसके बाद शुरू हुई सुरों की महफिल में दिल्ली-एनसीआर के कई प्रतिभाशाली कलाकारों ने मुकेश के लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। ‘जाने कहाँ गए वो दिन’, ‘इक दिन बिक जाएगा माटी के मोल’, ‘एक प्यार का नगमा है’, ‘कहीं दूर जब दिन ढल जाए’, ‘मेरा जूता है जापानी’, ‘दीवानों से ये मत पूछो’, ‘किसी राह पे किसी मोड़ पर’ और ‘फूल तुम्हें भेजा है खत में’ जैसे गीतों ने सभागार में मौजूद श्रोताओं को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में विनय सेठिया, अंशुमाली सिन्हा, वाई.के. विज, सपना भटनागर, ग्रुप कैप्टन जी.सी. मेहरा, रूप राजिंदर सिंह, डॉ. अनुपमा सहाय, डॉ. संजय लाभ, डॉ. सरोज मिश्रा, पंकज माथुर, भावना अवस्थी, जसविंदर परमार, गीता बागेश्वरी, संजय पांडे, धनपत राय, अपर्णा मिश्रा, दिनेश शर्मा, दिवाकर शर्मा, कपिल तिवारी, हेमंत शर्मा, अमित शर्मा, डॉ. सुधीन्द्र मण्डल, सोमेश्वर शर्मा, प्रदीप शर्मा और मोहित शर्मा सहित अनेक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
विशेष आमंत्रित गायक दिवाकर शर्मा की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। कलाकारों की एकल और युगल प्रस्तुतियों ने मुकेश की गायकी की सादगी, संवेदनशीलता और भावनात्मक गहराई को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
कार्यक्रम में विशेष सम्मानित अतिथि डॉ. अनूप श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त आईआरएस एवं जीएसटी कमिश्नर, ने भी सहभागिता की।
नवरत्न फाउंडेशन्स के अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि मुकेश की आवाज भारतीय संगीत की अमूल्य धरोहर है, जिसकी मिठास और भावनात्मक गहराई आज भी लोगों के दिलों को छूती है। उन्होंने कहा कि ‘शुक्रिया मुकेश’ के 21 वर्ष पूरे होना संस्था के लिए गर्व का विषय है और उनका प्रयास मुकेश की संगीत विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
संस्था के उपाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि मुकेश के गीतों की सबसे बड़ी खूबसूरती उनकी सादगी और भावनात्मक जुड़ाव है। उनकी आवाज हर पीढ़ी के श्रोताओं को जोड़ती रही है। कार्यक्रम में दर्शकों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि मुकेश का संगीत आज भी उतना ही लोकप्रिय और प्रासंगिक है।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अनीता भालवर, आर.जे. कपिल तिवारी और डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने किया। डिजिटल प्रस्तुति में संजय पांडे, पंकज माथुर और अंशुमाली सिन्हा का योगदान रहा। ध्वनि व्यवस्था जीतू साउंड द्वारा की गई।
समापन अवसर पर सभी कलाकारों और सम्मानित अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
‘शुक्रिया मुकेश–2026’ की यह संगीतमय शाम एक बार फिर साबित कर गई कि अच्छा संगीत वक्त के साथ पुराना नहीं होता, बल्कि हर पीढ़ी के साथ और गहरा होता जाता है। मुकेश की आवाज आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में उसी आत्मीयता के साथ गूंज रही है।




