अनमोल इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों का काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन, प्रबंधन पर समझौता टालने का आरोप

ग्रेटर नोएडा – ग्रेटर नोएडा स्थित अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कर्मचारियों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कंपनी के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम शुरू किया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू के जिला अध्यक्ष एवं अनमोल इंडस्ट्रीज इम्प्लाईज यूनियन के अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, उपाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, मंत्री मनोज वैश्य, कोषाध्यक्ष ईश्वर दत्त शर्मा तथा अन्य पदाधिकारियों ने किया। यूनियन का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सम्मानजनक समझौता नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
यूनियन के महामंत्री एवं सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की मान्यता प्राप्त यूनियन द्वारा 31 दिसंबर 2025 को प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2026 से लागू महंगाई भत्ते का भुगतान भी कर्मचारियों को नहीं किया गया है।
यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि प्रबंधन श्रमिकों से उनकी श्रेणी से अलग कार्य कराकर उत्पादन प्रभावित कर रहा है, जिससे फैक्ट्री की कार्यक्षमता, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि इससे कारखाने को जानबूझकर नुकसान में दिखाने की कोशिश की जा रही है।
गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि यह श्रमिकों और प्रबंधन के बीच का श्रम विवाद है, जिसका समाधान कराना श्रम विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन विभाग अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से नहीं निभा रहा है।
यूनियन ने दादरी पुलिस पर भी दबाव बनाने का आरोप लगाया। संगठन का दावा है कि रविवार रात यूनियन अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव के घर पुलिस पहुंची, जिसकी यूनियन और सीटू ने निंदा की है। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान किसी प्रकार की श्रम अशांति उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान कंपनी गेट पर एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात रहा।



