भारत विकास परिषद ने रेहड़ी-पटरी व्यापारियों को वितरित की कमर्शियल छतरियां

ग्रेटर नोएडा – भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से राहत दिलाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, गौतमबुद्धनगर शाखा द्वारा अल्फा, जगत फार्म और तुगलपुर मार्केट क्षेत्र में ठेली, पटरी एवं रेहड़ी लगाकर आजीविका चलाने वाले लोगों को कमर्शियल छतरियां वितरित की गईं।
शाखा सदस्य अशोक अग्रवाल ने बताया कि परिषद समय-समय पर समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन करती रहती है। इसी क्रम में गर्मी से बचाव के लिए व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को छतरियां प्रदान की गईं, जिससे उन्हें अपने कार्य के दौरान धूप से राहत मिल सके।
छतरियां प्राप्त करने वाले लोगों ने भारत विकास परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए परिषद के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से उन्हें गर्मी में काम करने में काफी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष मुकुल गोयल, अजेय गुप्ता, आलोक गोयल, अशोक अग्रवाल, नवीन चिकारा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन भविष्य में भी समाजहित एवं जनकल्याण के ऐसे सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।




