नोएडा में ‘रेंजर्स क्लब’ का बड़ा फर्जीवाड़ा बेनकाब, टूर पैकेज के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले 3 डायरेक्टर गिरफ्तार

नोएडा – सेक्टर-24 थाना पुलिस ने टूर पैकेज बुकिंग के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए “रेंजर्स क्लब” नाम की कंपनी चलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को सेक्टर-32 स्थित एक मॉल से पकड़ा। इनके कब्जे से पर्यटन मंत्रालय के फर्जी आई कार्ड, नकली विजिटिंग कार्ड, फर्जी मोहरें, एमओयू दस्तावेज समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नई दिल्ली निवासी 32 वर्षीय इमरान खान, श्रावस्ती मूल निवासी व वर्तमान में नोएडा निवासी 35 वर्षीय अभय कुमार तथा बलिया निवासी 38 वर्षीय शैलेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। तीनों खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताकर लोगों को महंगे और आकर्षक टूर पैकेज का लालच देते थे।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से लाखों रुपये लेने के बाद पैकेज में वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराते थे। इसी तरीके से उन्होंने कई लोगों को ठगकर करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी “मिनिस्ट्री ऑफ टूरिज्म, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया” के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों का भरोसा जीतते थे। पुलिस ने इनके पास से 3 फर्जी आई कार्ड, 180 नकली विजिटिंग कार्ड, 14 फर्जी मोहरें, 15 फर्जी एमओयू दस्तावेज, 3 मोबाइल फोन, एक क्रेटा कार और 7100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।




