×
Uncategorized

Noida: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई जयंती, माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि

सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम अजीत कुमार ने सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर सरकारी कार्यालयों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थानों और राजनीतिक दलों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कलेक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम अजीत कुमार ने सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल की दूरदर्शिता और उनके कार्यों से स्थापित राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाए रखने के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।

लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया एकता का संदेश
नॉलेज पार्क स्थित पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने भारतीय लोककला एवं संस्कृति की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। राष्ट्रीय लोकगायक मन्नू तंवर, जयवीर भाटी और खुशी मौर्य ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में माई भारत के उप निदेशक ने कलाकारों को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कलाकार ब्रह्मपाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जयवीर भाटी और ब्रह्मपाल नागर की ओर से नशा मुक्त युवा विषय पर प्रस्तुत गीत रहा। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, सामाजिक कुरीतियों से बचने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

सपा कार्यालय में भी किया गया सरदार पटेल को नमन
सूरजपुर स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में भी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान उनके जीवन, संघर्ष और देश की एकता एवं अखंडता में योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में सपा जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक और सच्चे राष्ट्रभक्त थे। बारडोली सत्याग्रह की सफलता के बाद वहां की जनता ने उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि दी थी। आजादी के बाद देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के रूप में उन्होंने देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर भारत के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन और विचार आज भी देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close