Noida: जेल से छूटे बदमाश के काफिले के लिए तोड़ा बूम बैरियर, टोलकर्मी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, लहूलुहान हालत में भागे
वायरल हो रही वीडियो में गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर युवक लटकर हुड़दंग मचा रहे हैं। लगातार हूटर बजाते हुए इन दबंगों ने सीधे गाड़ियों से बूम बैरियर को तोड़ दिया

ग्रेटर नोएडा का लुहारली टोल प्लाजा बुधवार रात अचानक अखाड़ा बन गया। रसूख के नशे में चूर कुछ दबंगों ने नियम-कानून की धज्जियां उड़ाते हुए टोल प्लाजा पर जमकर तांडव मचाया। इस दौरान टोलकर्मी को दौड़ा—दौड़ाकर पीटा गया। घटना का एक वीडियो तेजी केे साथ सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
वायरल हो रही वीडियो में गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर युवक लटकर हुड़दंग मचा रहे हैं। लगातार हूटर बजाते हुए इन दबंगों ने सीधे गाड़ियों से बूम बैरियर को तोड़ दिया और एक के बाद एक करीब एक दर्जन गाड़ियां बिना टोल टैक्स दिए जबरन निकाल लीं। खुर्जा निवासी टोल कर्मी लोकमान सिंह ने इन्हें रोकने की कोशिश की तो दबंगों ने उनपर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए लोकमान भागे, तो आरोपियों ने उन्हें एक किलोमीटर तक दौड़ाया और बीच सड़क पर गिराकर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए। लहूलुहान लोकमान को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
लोकमान ने बताया कि सबसे पहले उनके पास एक बलेनो कार आई थी। उसमें सवार युवकों ने कहा था कि बुलंदशहर जेल से छूटकर बम्हेटा गांव निवासी पहलवान और उनका काफिला आ रहा है। लिहाजा बैरियर को खोल दिया जाए। वह अपने अधिकारियों से कंट्रोल रुम में बात भी नहीं कर पाए थे कि हूटर बजाती हुई गाड़ियां वहां पहुंच गई।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दादरी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने टोल मैनेजर की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य कार और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि बाकी फरार गुंडों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।




