जामिया मिल्लिया इस्लामिया में चमकी हिमाद्री: MFA में टॉप कर जीता गोल्ड मेडल, हीरक जयंती समारोह में मिला एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड

नई दिल्ली – वैश्य समाज की होनहार प्रतिभा कु० हिमाद्री ने देश की प्रतिष्ठित Jamia Millia Islamia से मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड और गोल्ड मेडल हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे नगर में खुशी की लहर है।
फाइन आर्ट्स फैकल्टी के 75वें वर्ष (हीरक जयंती) के अवसर पर आयोजित समारोह में यह सम्मान उन्हें संस्थापक अबुल कलाम के नाम पर आयोजित फेस्टिवल के दौरान प्रदान किया गया। इस मौके पर फैकल्टी की डीन प्रो. बिंदुलिका शर्मा, विभागाध्यक्ष प्रो. मामून नोमानी और पेंटिंग विभाग के प्रमुख प्रो. शाह अबुल फैज ने उन्हें गोल्ड मेडल और सर्टिफिकेट ऑफ एकेडमिक एक्सीलेंस देकर सम्मानित किया। विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. मजहर आसिफ ने भी हिमाद्री को शुभकामनाएं दीं।
कु० हिमाद्री, अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता नवीन कुमार की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर अंतर्राष्ट्रीय वैश्य संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता जताई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिमाद्री की कला प्रतिभा पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर सराही जा चुकी है। उनकी कलाकृतियों की प्रदर्शनी दिल्ली और अमृतसर समेत कई शहरों में आयोजित हो चुकी है, जहां कला प्रेमियों ने उनके काम की खूब प्रशंसा की। अब गोल्ड मेडल के साथ उन्होंने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और हुनर का कॉम्बिनेशन हो तो पहचान अपने आप बन जाती है।




