जिम्स में हड़ताली स्वास्थ्य कर्मियों पर लाठीचार्ज के विरोध में सीटू का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
ग्रेटर नोएडा – जिम्स (GIMS) ग्रेटर नोएडा में अपनी नौकरी की मांग को लेकर धरने पर बैठे स्वास्थ्य कर्मियों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और 70 से अधिक कर्मचारियों की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) गौतम बुद्ध नगर ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
सीटू का प्रतिनिधिमंडल जिम्स पहुंचा, जहां जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, महासचिव रामस्वारथ, सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा और किसान सभा सचिव संदीप भाटी ने कर्मचारियों से मुलाकात की। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने पहले अस्पताल के गेट बंद किए, फिर बिजली काट दी और रात करीब 8 बजे धरना स्थल पर लाठीचार्ज किया। उनका कहना है कि महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिसमें कई कर्मचारी घायल हुए तथा 70 से अधिक कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया।
इसके बाद सीटू प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्ट्रेट, सूरजपुर पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग चंद शाश्वत को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी को भी ज्ञापन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
सीटू ने अपनी मांगों में गिरफ्तार स्वास्थ्य कर्मियों की तत्काल रिहाई, लाठीचार्ज के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कर निलंबन, घायल कर्मचारियों के समुचित उपचार, जिम्स के 700 आउटसोर्स कोविड योद्धाओं की बहाली व स्थायी नियुक्ति तथा महिला कर्मियों के साथ कथित बदसलूकी की न्यायिक जांच की मांग उठाई।
सीटू सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करेगा।




