Noida: जेवर में 1200 करोड़ से बनेगा सीएनएच का ट्रैक्टर प्लांट, हजारों को मिलेगा रोजगार, सीएम ने रखी आधारशिला
यीडा के सेक्टर-8 में सीएनएच इंडस्ट्रियल कंपनी 1200 करोड़ रुपये के निवेश से आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट स्थापित करेगी।

जेवर क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-8 में सीएनएच इंडस्ट्रियल कंपनी 1200 करोड़ रुपये के निवेश से आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट स्थापित करेगी। 100 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस इकाई की आधारशिला गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से रखी। प्लांट शुरू होने पर करीब 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इसके अलावा अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की जल्द ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है। प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है और स्टार्टअप की संख्या भी 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है।
उन्होंने कहा कि सीएनएच का यह प्लांट कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण को मजबूती देगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। इस परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में भी प्रदेश नए अवसर पैदा कर रहा है।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, सेमीकंडक्टर और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। बड़े निवेश से एमएसएमई और स्थानीय उद्यमियों को भी लाभ मिलेगा।
कृषि एवं कृषि शिक्षा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि यह परियोजना उद्योगों के साथ किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। आधुनिक ट्रैक्टरों के निर्माण से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह सहित सीएनएच के चेयरमैन, वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।




