Noida: दिल्ली-हरियाणा के बीच मझावली पुल जल्द बनेगा लाइफलाइन, शुरू हुई यह कवायद, दिल्ली के ट्रैफिक में नहीं फसेंगे वाहन
विधायक धीरेंद्र सिंह ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को आठ दिन का दिया अल्टीमेटम, हरियाणा और यूपी के बीच कनेक्टिविटी होगी मजबूत

हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने वाले मझावली पुल से ग्रेटर नोएडा तक संपर्क मार्ग के निर्माण का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद है। इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य अगले आठ दिनों में शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए समयसीमा तय की।
विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। मझावली पुल से ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण में देरी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने अधिकारियों को आठ दिन के भीतर काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। इसके निर्माण से दोनों राज्यों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने कहा कि जेवर क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित कई बड़ी परियोजनाओं के चलते विकास की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में आधारभूत सुविधाओं और सड़क संपर्क को मजबूत करना जरूरी है।
बैठक में जेवर-खुर्जा मार्ग के चौड़ीकरण की भी समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों को आठ दिन में इस मार्ग को सुगम और सुरक्षित आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर शासन स्तर से कार्रवाई कराई जाएगी।
धीरेंद्र सिंह ने सभी लंबित परियोजनाओं को जल्द शुरू कराने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति से उन्हें लगातार अवगत कराया जाए, ताकि आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान कराया जा सके।




