Noida: यूपी पुलिस को मिले 566 नए ‘जांबाज’, पुलिस कमिश्नर बोलीं-यह राष्ट्र के प्रति दायित्व
गौतमबुद्धनगर का परेड ग्राउंड आज खाकी के जोश और अनुशासन से सराबोर दिखा। 21 जुलाई 2025 से शुरू हुई ट्रेनिंग आज अपने मुकाम पर पहुंची।

उत्तर प्रदेश पुलिस को 566 नए आरक्षी मिल गए है। सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन में रविवार को पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया गया। नौ माह की कड़ी ट्रेनिंग के बाद अब यह जवान समाज में कानून और सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इस मौके पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने परेड की सलामी ली और जवानों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
गौतमबुद्धनगर का परेड ग्राउंड आज खाकी के जोश और अनुशासन से सराबोर दिखा। 21 जुलाई 2025 से शुरू हुई ट्रेनिंग आज अपने मुकाम पर पहुंची। मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने परेड का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित किया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस सेवा सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति दायित्व है। उन्होंने जवानों से संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ आधुनिक पुलिसिंग अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान सर्वांग सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए रिक्रूट आरक्षी आकाश को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे वहां मौजूद 1500 से ज्यादा पुलिस परिजनों ने सुना। शपथ ग्रहण के बाद ये सभी 566 जवान अब अपने-अपने नियुक्ति स्थलों के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्य अतिथि की तरफ से प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों, आईटीआई, पीटीआई प्रशिक्षकों एवं अन्य प्रशिक्षण स्टाफ को स्मृति चिन्ह एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।




