×
Uncategorized

Noida: जनगणना-2027 पर DM का लापरवाही बरतने वालों पर सख्त प्रहार, अधिकारियों को लगाई फटकार

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना की ड्यूटी ग्रहण नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू की जाए।

जनगणना-2027 की तैयारियों और स्वगणना अभियान की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की रफ्तार धीमी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। साथ ही प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को ड्यूटी आवंटित करने में देरी पर चार्ज अधिकारियों को फटकार लगाई।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना की ड्यूटी ग्रहण नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही और शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे समय से अपना कार्य शुरू करें। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने विभागों और कार्यालयों में कार्यरत सभी अधीनस्थ कर्मचारियों की स्वगणना बुधवार को ही पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वगणना पूरी होने से अभियान को गति मिलेगी और दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को अपने आवंटित क्षेत्रों में सक्रियता से काम करने को कहा। निर्देश दिए कि वे परिवारों से संपर्क स्थापित कर उन्हें स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें और अधिक से अधिक परिवारों की स्वगणना सुनिश्चित कराएं। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने और प्रगति में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडीसीपी क्राइम आरके गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत सिंह, ओएसडी नोएडा इंदु प्रकाश सिंह, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, जिला विकास अधिकारी नेहा सिंह, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी परवेज अली, जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार सहित संबंधित चार्ज अधिकारी मौजूद रहे।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close