Noida: ग्रेनो वेस्ट में तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग, दीवार तोड़कर निकाले गए दो भाई
पुराने हैबतपुर गांव में तीन मंजिला मकान के निचले फ्लोर पर प्लास्टिक के बर्तन और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाला सामान रखा था।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हैबतपुर गांव में आग लगने के बाद तीन मकान की दूसरी मंजिल पर फंस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे मकान में धुआं भर गया। दूसरी मंजिल पर सो रहे दो भाई आग और धुएं के बीच बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलने पर पहुंची बिसरख कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने बगल के मकान दूसरी मंजिल की छत से तीसरी मंजिल तक पहुंचकर कमरे की दीवार तोड़ी और दोनों भाइयों को सुरक्षित बाहर निकाला। जहरीला धुआं अंदर जाने से एक भाई की तबीयत बिगड़ गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुराने हैबतपुर गांव में तीन मंजिला मकान के निचले फ्लोर पर प्लास्टिक के बर्तन और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाला सामान रखा था। इस सामान को ठेली और पटरी पर बेचने का काम किया जाता था। मंगलवार को अचानक निचले फ्लोर पर आग लग गई। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं और मकान की ऊपरी मंजिलों में धुएं का गुबार भर गया।
इस दौरान दूसरी मंजिल पर बिहार के नवादा निवासी 32 वर्षीय गुड्डू और 25 वर्षीय मोनू सो रहे थे। आग और धुएं के कारण नीचे उतरने का रास्ता बंद हो गया। दोनों भाई मकान के अंदर ही फंस गए। धुआं इतना अधिक था कि उनके लिए छत तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दमकल कर्मियों ने बगल वाले मकान की छत का सहारा लिया। इसके बाद तीसरी मंजिल के कमरे की दीवार तोड़कर दोनों भाइयों को बाहर निकाला गया। दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन गुड्डू के शरीर में जहरीला धुआं जाने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग से मकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।



