JEECUP 2026: पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की तिथि फिर बढ़ी, छात्रहित में परिषद ने 20 मई तक दिया अंतिम अवसर, 4.20 लाख से अधिक आवेदन पहुंचे

लखनऊ – संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ ने छात्रहित में बड़ा निर्णय लेते हुए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक) 2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 20 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अभ्यर्थियों और विभिन्न संस्थानों की मांग पर बढ़ाकर 17 मई 2026 किया गया था। परिषद को लगातार मिल रहे अनुरोधों और छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब 18 मई से 20 मई 2026 तक आवेदन का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।
परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jeecup.admissions.nic.in पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।
परिषद के अनुसार 18 मई 2026 तक कुल 2,71,093 प्रवेश क्षमता के सापेक्ष 4.20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन किया है। यह आंकड़ा परीक्षा के प्रति छात्रों की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट अथवा दूरभाष संख्या 0522-2630106, 2630695, 2630667 और 2636589 पर संपर्क कर सकते हैं।




