डीडी आरडब्लूए फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ से मिला, सेक्टर-150 घटना सहित शहर की मूलभूत समस्याएं उठाईं

ग्रेटर नोएडा – डीडी आरडब्लूए फेडरेशन का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अध्यक्ष एन. पी. सिंह के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल ने एसीईओ श्री सौम्या श्रीवास्तव एवं एसीईओ श्री लक्ष्मी से मुलाकात कर नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की।
बैठक के दौरान सेक्टर-150 में हाल ही में हुई घटना को लेकर शासन-प्रशासन एवं प्राधिकरण स्तर पर हुई अनियमितताओं की ओर ध्यान दिलाया गया। साथ ही शहर की आवश्यकताओं को लेकर एक लिखित ज्ञापन भी प्राधिकरण को सौंपा गया।
डीडी आरडब्लूए फेडरेशन ने किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के गठन की मांग रखी। हाई-राइज़ सोसाइटीज़ में आगजनी जैसी घटनाओं एवं बड़े गड्ढों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हेलीकॉप्टर सुविधा का प्रस्ताव भी सामने रखा गया।
इस पर एसीईओ श्री सौम्या श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों प्राधिकरणों की बैठक हो चुकी है और माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा इस संबंध में निर्देश जारी किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एनडीआरएफ/एसडीआरएफ का एक केंद्र ग्रेटर नोएडा में शीघ्र खोला जाएगा, जिसके लिए फरवरी माह में भूमि उपलब्ध कराए जाने की संभावना है। प्रस्तावित टीम में लगभग 30 अधिकारी व कर्मचारी शामिल होंगे।
बैठक में सड़क, यू-टर्न एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सभी सर्किल इंजीनियरों को सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए जाने की जानकारी भी दी गई। वहीं शहर के नालों को कवर करने के लिए नाटो वॉल न्यूनतम तीन फीट ऊंची बनाए जाने तथा जलभराव की समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया गया।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा-यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में शहर और गांवों के बीच बेहतर आवागमन के लिए संयुक्त प्रस्ताव तैयार किए जाने की बात कही गई। एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही 20 ई-वी बसों का संचालन शुरू किए जाने की जानकारी भी दी गई।
साथ ही सिटीजन चार्टर को मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार शीघ्र लागू किए जाने का भरोसा प्राधिकरण की ओर से दिलाया गया। बैठक के दौरान एसीईओ श्री सौम्या श्रीवास्तव ने परिवहन से जुड़े विषयों पर एसीईओ प्रेरणा जी से टेलीफोन पर चर्चा भी की।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष एन. पी. सिंह के साथ उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, महासचिव शेर सिंह भाटी, सतबीर मुखिया, ममता तिवारी, सतपाल नागर एवं श्रीपाल फौजी उपस्थित रहे।




