Noida: नोएडा के रामा अस्पताल में लापरवाही का आरोप, गलत सिटी स्कैन की वजह से हुई मौत, नेताओं का डर दिखाकर डराया
पीड़ित बेटे का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है।

नोएडा के सेक्टर-62 स्थित रामा अस्पताल में एक महिला की मौत के बाद उसके बेटे मोहित शर्मा ने अस्पताल प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मोहित शर्मा का कहना है कि उनकी मां की मृत्यु अस्पताल की लापरवाही और बिना डॉक्टर की अनुमति के किए गए गलत सिटी स्कैन के कारण हुई है।
अस्पताल के डायरेक्टर और डिप्टी सीएम के संबंधों पर उठाए सवाल
पीड़ित बेटे का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। मोहित शर्मा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक अस्पताल प्रबंधन और उसके डायरेक्टर प्रणव सिंह को संरक्षण दे रहे हैं।
मोहित शर्मा ने बताया कि अस्पताल के डायरेक्टर प्रणव सिंह, जो कानपुर के रहने वाले हैं और भाजपा के टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। बार-बार डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य बड़े नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर डराते और धमकाते हैं। अस्पताल का मैनेजमेंट यह कहकर डराता है कि हमारी ऊपर तक पहुंच है और तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
क्या है पूरा मामला?
मोहित शर्मा के अनुसार, उनकी मां अस्पताल में भर्ती थीं। आरोप है कि जांच के नाम पर बिना डॉक्टरों की अनुमति के ही उनकी मां का गलत सिटी स्कैन करवा दिया गया, जिससे उनकी स्थिति बिगड़ी और मौत हो गई।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी की थी। लेकिन अस्पताल निदेशक के राजनीतिक रसूख के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित परिवार अब न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। उन्होंने योगी सरकार से निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है।



