पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट में ‘दिवाली उत्सव–खुशियों की सौगात’ का भव्य आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं ने मोहा मन

ग्रेटर नोएडा। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के क्लब हाउस में माधव फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित ‘दिवाली उत्सव–खुशियों की सौगात’ हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सोसाइटी के निवासियों, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगिताओं, मनोरंजक गतिविधियों और आकर्षक स्टॉल्स ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में पैरामाउंट बिल्डर के मैनेजिंग डायरेक्टर शशांक अग्रवाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही, ये सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सौहार्द को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में एशिया पैसिफिक का खिताब प्राप्त कर चुकीं श्रीमती बिंदु भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। माधव फाउंडेशन की संस्थापक चांदनी धवन के साथ पूर्वी शर्मा, शैली अहलावत, सुषमा चौधरी, अर्पणा, प्रेरणा चौधरी, सोनी बघेल और शालिनी चौधरी सहित कई गणमान्य हस्तियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर श्रीमती अर्निका शर्मा, श्रीमती वर्षा नेगी और श्री विनोद पहलावत भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बेस्ट ट्रेडिशनल लुक, दीया सजावट, रंगोली मेकिंग और डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कला का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, दिवाली क्विज, मनोरंजक खेल और लकी ड्रॉ ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। बच्चों के लिए आयोजित विशेष गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। इन गतिविधियों को सफल बनाने में विंग कमांडर योगराज सिंह और विंग कमांडर चटर्जी का विशेष सहयोग रहा।
इस दौरान क्लब हाउस में फूड, फैशन, ज्वेलरी, गिफ्ट्स और फेस्टिव डेकोर से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए गए। सोसाइटी के निवासियों ने खरीदारी के साथ-साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। उत्सव में पारंपरिक संस्कृति, मनोरंजन और खरीदारी का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
पैरामाउंट के फैसिलिटी हेड मुनीश शर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सामुदायिक एकता और आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने में ऐसे आयोजनों के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के समापन पर माधव फाउंडेशन की संस्थापक चांदनी धवन और उनकी कोर टीम ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं सोसाइटी के निवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करना तथा महिलाओं एवं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना था।
सभी के सहयोग और उत्साहपूर्ण सहभागिता से ‘दिवाली उत्सव–खुशियों की सौगात’ सफल रहा। इस आयोजन ने उत्सव के माध्यम से सामुदायिक जुड़ाव, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।




