×
Uncategorized

Noida: छह साल के मासूम के अपहरण के सात आरोपी गिरफ्तार, तीन को लगी गोलियां, दिल्ली में बेचा गया बच्चा

13 अक्टूबर को छह साल का बच्चा घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर 14 अक्टूबर को कासना कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।

ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में छह साल के बच्चे का अपहरण कर उसे बेचने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, छह कारतूस, 1.50 लाख रुपये नकद, एक कार और एक बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे को बेचने पर आरोपियों को दो लाख रुपये मिल चुके थे, जबकि ढाई लाख ओर मिलने थे।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को छह साल का बच्चा घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर 14 अक्टूबर को कासना कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। 17 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध डाढ़ा गोलचक्कर के पास घूम रहे हैं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोग भागने लगे। पीछा करने पर कार पेड़ से टकरा गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस ने तीनों को पकड़ने के बाद उनकी निशानदेही पर विकास और नकुल को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा कासना के छह प्रतिशत क्षेत्र से पुष्पा और दिल्ली निवासी कमलेश को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से अपहृत बच्चा बरामद हुआ।

मामी के कहने पर बनाई अपहरण की योजना
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुमित की मामी पुष्पा ने उसे बताया था कि दिल्ली निवासी कमलेश एक नाबालिग बच्चे के बदले रुपये देने को तैयार है। इसके बाद सुमित ने अपने साथियों अंकित, नकुल और गुरमीत के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर की शाम अंकित और नकुल ने काशीराम अस्पताल के सामने से बच्चे का अपहरण किया। इसके बाद बच्चे को कार से गाजियाबाद ले जाया गया और कथित तौर पर बेच दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बच्चे को सौंपने के बदले आरोपियों को दो लाख रुपये मिले थे और ढाई लाख रुपये बाद में मिलने थे। इस मामले में गुरमीत, अंकित और सुमित के हिस्से के 1.50 लाख, नकुल और विकास से 20-20, पुष्पा से 32,800 रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ कासना थाने में अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं, पुलिस पर फायरिंग के मामले में गुरमीत, अंकित और सुमित के खिलाफ बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close