×
Uncategorized

Noida: अयोध्या से चली नकली नोटों की खेप ग्रेनो में पकड़ी, भीड़भाड़ और व्यस्त मार्केट में सप्लाई करने वाले गिरफ्तार

तीन गुना रकम का झांसा देकर करते थे जाली नोटों का कारोबार, 1.84 लाख के नकली नोटों के साथ चार गिरफ्तार

नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने जाली नोटों का कारोबार करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 200-200 रुपये के 920 जाली नोट बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत 1.84 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों से एक हजार रुपये के असली नोट और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को तीन गुना रकम देने का झांसा देकर जाली नोटों के बदले असली रुपये हासिल करते थे।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने कोंडली पुस्ता के पास गढ़ी समस्तीपुर जाने वाले पक्के रास्ते पर मोड़ के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान अर्जुन सिंह (22) निवासी सुल्तानपुर, शशांक गुप्ता (19) निवासी अयोध्या, शांतनु सिंह (19) निवासी सीतापुर और वैभव शुक्ला (19) निवासी अयोध्या के रूप में हुई है।

अयोध्या जेल में बनी थी जाली नोट चलाने की योजना
पुलिस का कहना है कि आरोपी अर्जुन सिंह वर्ष 2024 में अयोध्या जेल में कुबेर सिंह नाम के व्यक्ति के साथ बंद था। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और जाली नोटों का कारोबार करने की योजना बनी। पुलिस के मुताबिक, कुबेर सिंह और अर्जुन सिंह समेत उसके साथी जाली नोट तैयार करते थे। इसके बाद अर्जुन अपने साथियों शशांक और शांतनु के साथ मिलकर लोगों को तीन गुना रुपये देने का लालच देकर नकली नोटों के बदले असली रुपये लेने की कोशिश करता था। इस काम से मिलने वाले मुनाफे को आरोपियों के बीच बांटा जाता था।

तीन आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, अर्जुन सिंह के खिलाफ अयोध्या के कैंट थाने में वर्ष 2024 में चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं, अर्जुन, शशांक और शांतनु के नाम अयोध्या के कैंट थाने में वर्ष 2024 के एक अन्य मुकदमे में भी दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close