Noida: यीडा बोर्ड बैठक की बोर्ड बैठक में लिए गए अहम फैसले, ICMR को 30 एकड़ भूमि, इंटरनेशनल ट्रेड सिटी और इंडस्ट्रियल नोड को मंजूरी
बोर्ड ने किसानों से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में क्षेत्र के औद्योगिक, वाणिज्यिक, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिणी क्षेत्र (आगरा की ओर) को इंडस्ट्रियल नोड के रूप में विकसित करने की महायोजना के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा चीन के Yiwu International Trade City की तर्ज पर यीडा इंटरनेशनल ट्रेड सिटी विकसित करने संबंधी प्रस्तुतीकरण का बोर्ड ने अवलोकन किया।
बोर्ड ने किसानों से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की। अर्जित एवं क्रय भूमि के सापेक्ष अतिरिक्त प्रतिकर वितरण और 7 प्रतिशत आबादी भूखंडों की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए गए कि भूमि खरीद के तुरंत बाद किसानों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड का आरक्षण पत्र उपलब्ध कराया जाए। बैठक में भविष्य में लाई जाने वाली वाणिज्यिक होटल योजनाओं में नोएडा प्राधिकरण की सकारात्मक नियम एवं शर्तों को शामिल करने के प्रस्ताव पर भी सहमति दी गई। साथ ही लिगेसी स्टॉल्ड रियल एस्टेट परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य एवं अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ा फैसला लेते हुए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) को एडवांस्ड रिसर्च फैसिलिटीज की स्थापना के लिए सेक्टर-9 में 30 एकड़ भूमि आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त सेक्टर 8ए, 8बी, 8सी (औद्योगिक), सेक्टर 23सी (ट्रांसपोर्ट, रिक्रिएशन ग्रीन एवं आर एंड आर साइट), सेक्टर 31बी (मल्टीपल लैंड यूज) तथा सेक्टर 7बी स्थित 765 केवी सब-स्टेशन से सेक्टर 8डी तक प्रस्तावित मास्टर प्लान सड़क के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि क्रय करने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की।
आय में 114 प्रतिशत की बढ़ोतरी
30 जून 2026 तक प्राधिकरण की कुल आय 1,371.75 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 114.33 प्रतिशत अधिक है। भूमि क्रय पर त्र1,741.40 करोड़ खर्च किए गए।
अग्नि सुरक्षा के लिए 50 करोड़ मंजूर
हाई-राइज भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा को 50 करोड़ उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को बोर्ड ने स्वीकृति दी।
औद्योगिक पार्कों में तेजी
यमुना क्षेत्र में एक माह में 63 उद्यमियों की लीज डीड हुई, 118 को भूखंडों का कब्जा मिला, 62 भवन मानचित्र स्वीकृत हुए, 84 परियोजनाओं में निर्माण शुरू हुआ, जबकि 15 इकाइयां चालू और 12 फैक्ट्री एक्ट के तहत पंजीकृत हुईं।
ईवी व हाइड्रोजन बसों पर जोर
एनटीपीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई ईवी और हाइड्रोजन बसों के संचालन की समीक्षा करते हुए बोर्ड ने आम जनता को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
धनौरी वेटलैंड के पास वैज्ञानिक कचरा निस्तारण
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कार्यक्रम के तहत ग्राम धनौरी वेटलैंड के आसपास ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए YIAPL को 200 मीटर भूमि किराये पर देने का निर्णय लिया गया।




