Noida: ग्रेनो वेस्ट की इस सोसाइटी में CAM शुल्क पर घमासान, प्रदर्शन कर निवासियों ने सड़कों पर उतरने का किया ऐलान
सोसाइटी निवासियों ने बताया कि वह लगातार बढ़े हुए शुल्क का विरोध करते हुए आ रहे है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इको विलेज-1 सोसाइटी में कॉमन एरिया मेंटेनेंस शुल्क के विरोध में वाईजी फैसिलिटी प्रबंधन के खिलाफ लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि मेंटेनेंस प्रबंधन द्वारा बिना लोगों के साथ बैठक किए और सूचना दिए शुल्क बढ़ा दिया है।
सोसाइटी निवासियों ने बताया कि वह लगातार बढ़े हुए शुल्क का विरोध करते हुए आ रहे है। एपेक्स कमिटी द्वारा वाईजी फैसिलिटी प्रबंधन को नोटिस जारी किए जाने के बाद लोगों को उम्मीद थी। वह बढ़ा हुआ शुल्क वापस ले लेंगे। लेकिन एक माह से अधिक का समय बीत चुका है।साक्षी का कहना है कि पहले 2.36 रूपए प्रति वर्ग फुट की दर से शुल्क लिया जाता था, जबकि वर्तमान में 3.25 रुपए प्रति वर्ग फुट की दर से शुल्क वसूला जा रहा है। इसके बावजूद उनका आरोप है कि सुविधाओं का स्तर बेहतर होने के बजाय और प्रभावित हुआ है।
आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
इको विलेज-1 सोसाइटी में YG फैसिलिटी प्रबंधन द्वारा बढ़ाए गए कॉमन एरिया मेंटेनेंस (CAM) शुल्क के विरोध में निवासियों का शांतिपूर्ण आंदोलन पिछले दो महीनों से लगातार जारी है। 1 जून 2026 से बढ़ा हुआ CAM शुल्क वसूला जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जब सोसाइटी में कई मूलभूत सुविधाएँ अभी भी अपेक्षित स्तर पर उपलब्ध नहीं हैं, तब इस प्रकार की एकतरफा CAM वृद्धि उचित नहीं है।
निवासियों का कहना है कि उन्होंने अपनी शिकायतें प्राधिकरण, जिलाधिकारी, पुलिस प्रशासन तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी लिखित रूप में दी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।




