मेंटेनेंस शुल्क घटकर ₹2 प्रति वर्गफुट हुआ, सुपरटेक ईकोविलेज में निवासियों ने मनाया जश्न
विधायक तेजपाल नागर के प्रयासों को निवासियों ने बताया महत्वपूर्ण

ग्रेटर नोएडा – सुपरटेक ईकोविलेज सोसाइटी के हजारों निवासियों के लिए मेंटेनेंस शुल्क को लेकर चल रहे विवाद के बीच बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मेंटेनेंस एजेंसी YG Estate की ओर से ईमेल के माध्यम से निवासियों को सूचित किया गया है कि 25 सितंबर से मेंटेनेंस शुल्क ₹2 प्रति वर्गफुट किया जा रहा है।
निवासियों के अनुसार, मेंटेनेंस शुल्क कम कराने को लेकर स्थानीय विधायक श्री तेजपाल नागर द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उनके हस्तक्षेप और निवासियों की लगातार मांग के बाद अब एजेंसी की ओर से ₹2 प्रति वर्गफुट मेंटेनेंस शुल्क किए जाने की सूचना दी गई है।
एजेंसी की ओर से ईमेल प्राप्त होने के बाद सोसाइटी में निवासियों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला। कई निवासियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और इस फैसले को लंबे समय से चल रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
निवासियों ने कहा कि मेंटेनेंस शुल्क में कमी से सोसाइटी में रहने वाले हजारों परिवारों को सीधे आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने विधायक तेजपाल नागर के प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सोसाइटी की सुरक्षा, सफाई, रखरखाव और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह प्रभावी पहल जारी रहेगी।




