×
Uncategorized

Noida: हिंडन नदी में डूबे दोनों युवकों का नहीं लगा सुराग, लगातार हो रहे हादसों के दौरान सर्च अभियान पर उठे सवाल

नदी में डूबे युवकों की पहचान शिव राजपूत और सौरव के रूप में हुई है। दोनों मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वर्तमान में बिसरख थाना क्षेत्र के यूसुफपुर चक गांव में रह रहे थे।

हिंडन नदी में शनिवार शाम एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। यूसुफपुर चक गांव के पास नाव में रस्सी बांधते समय संतुलन बिगड़ने से दो युवक गहरे पानी में गिर गए। पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई गई। देर शाम तक काफी प्रयास के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

नदी में डूबे युवकों की पहचान शिव राजपूत और सौरव के रूप में हुई है। दोनों मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वर्तमान में बिसरख थाना क्षेत्र के यूसुफपुर चक गांव में रह रहे थे। बताया गया कि शनिवार शाम दोनों युवक नदी में मौजूद नाव में रस्सी बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरे पानी में जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। गोताखोरों को नदी में उतारकर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की गई। टीम ने काफी देर तक नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन दोनों युवकों का पता नहीं चल पाया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया। देर शाम तक एसडीआरएफ की टीमें भी नदी में लगातार तलाश अभियान चला रही थीं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

आठ दिन बाद भी युवती का नहीं मिला सुराग
हिंडन नदी में शनिवार को हुए इस हादसे के बीच करीब आठ दिन पहले कुलेसरा पुल से नदी में छलांग लगाने वाली युवती का मामला भी अभी अनसुलझा है। युवती की पहचान संजना के रूप में हुई थी। घटना के बाद से एसडीआरएफ और अन्य टीमों ने नदी में कई स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन करीब आठ दिन बीतने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों का आरोप है कि संजना का राहुल से प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन बाद में राहुल ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद संजना ने कुलेसरा पुल से हिंडन नदी में छलांग लगा दी। परिजनों का कहना है कि लगातार तलाश के बावजूद संजना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

रेस्क्यू व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
हिंडन नदी में लगातार हो रहे हादसों और लापता लोगों का सुराग नहीं मिलने से पुलिस-प्रशासन की रेस्क्यू व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। एक ओर करीब आठ दिन से युवती की तलाश जारी है, वहीं अब शिव राजपूत और सौरव के नदी में डूबने के बाद उनके परिजन भी उनके मिलने का इंतजार कर रहे हैं। नदी में बढ़ते हादसों को देखते हुए सुरक्षा और प्रभावी रेस्क्यू व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

 

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close