इंस्पेक्टर रंजीत सिंह के नेतृत्व में बिसरख पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल-चेन स्नैचिंग व लूट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

गौतमबुद्धनगर – अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिसरख पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन व चेन स्नैचिंग तथा लूट की घटनाओं में कथित रूप से शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई इंस्पेक्टर रंजीत सिंह के नेतृत्व में लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ सुहैल, अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू और नईम के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन, दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस, ₹2,500 नकद और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
चैरी काउंटी के पास महिला से आईफोन छीनने का मामला खुला
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने 21 सितंबर 2026 को चैरी काउंटी सोसाइटी के पास एक महिला से मोबाइल फोन छीनने की घटना में शामिल होने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने मोबाइल देखने के बहाने महिला से आईफोन-18 प्रो लिया और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान थाना बिसरख क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नैचिंग की अन्य घटनाओं में भी आरोपियों की कथित संलिप्तता सामने आई है। इन मामलों में थाना बिसरख में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
सुनसान रास्तों और ई-रिक्शा में बैठे लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक सलमान उर्फ सुहैल मोटरसाइकिल चलाता था, जबकि अजाज पीछे बैठता था। दोनों कथित तौर पर सुनसान रास्तों पर घूमते थे और ई-रिक्शा में सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही मोबाइल छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार सलमान पिछले करीब तीन वर्षों से नोएडा में ऑटो चलाता था, जिसके चलते उसे क्षेत्र के विभिन्न रास्तों की जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि छीने गए मोबाइल फोन नईम को बेचे जाते थे और वह उन्हें आगे पश्चिम बंगाल, बिहार समेत अन्य राज्यों में सप्लाई करता था।
ये सामान हुआ बरामद
- आईफोन-18 प्रो – 1
- आईफोन-16 – 2
- आईफोन-16 प्रो – 1
- रीयलमी मोबाइल फोन – 1
- .315 बोर के अवैध तमंचे – 2
- जिंदा कारतूस – 2
- ₹2,500 नकद
- घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल
- सिल्वर पेपर फॉयल – 3
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
सलमान उर्फ सुहैल (23 वर्ष) — निवासी मोहल्ला जाटवान, थाना एवं कस्बा बीबीनगर, बुलंदशहर।
अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू (लगभग 22 वर्ष) — निवासी मोहल्ला जाटवान, थाना बीबीनगर, बुलंदशहर।
नईम (35 वर्ष) — निवासी मोहल्ला वाजीगरान, डासना, थाना मसूरी, गाजियाबाद; वर्तमान पता मुंशीनगर धोबीघाट, थाना पिलखुवा, हापुड़।
पुलिस के अनुसार नईम के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़ी अन्य संभावित घटनाओं की जांच कर रही है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




