हाईराइज सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा को लेकर NOFAA की बड़ी पहल, मुद्दा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा

नोएडा: नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन्स (NOFAA) के नव-निर्वाचित बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की पहली बैठक आज अध्यक्ष श्री पुनीत शर्मा एवं महासचिव श्री सुरोजित दासगुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गई।
बैठक में कोषाध्यक्ष श्री राजीव सक्सेना, उपाध्यक्ष श्री उमाशंकर शर्मा, श्री अब्दुल बारी एवं श्री संदीप भट्ट, सचिव श्री सुशील बहुगुणा एवं श्री सुरेश शर्मा, संयुक्त सचिव श्री रजनीश नंदन एवं श्री अंकित श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री महेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक का प्रमुख विषय हाईराइज सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा एवं फायर विभाग की आपातकालीन तैयारियों को लेकर रहा। बोर्ड ने चिंता व्यक्त की कि तेजी से बढ़ रही बहुमंजिला आवासीय सोसायटियों के अनुरूप अत्याधुनिक फायर फाइटिंग उपकरण, पर्याप्त संसाधन, नियमित मॉक ड्रिल तथा प्रभावी आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
NOFAA ने बताया कि इस विषय पर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को विस्तृत ज्ञापन पहले ही सौंपा जा चुका है। बोर्ड ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि प्रदेश के लाखों हाईराइज निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विषय को उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के समक्ष भी प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि राज्य स्तर पर आवश्यक नीतिगत एवं संस्थागत कदम उठाए जा सकें।
बैठक में बोर्ड ने गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम. एम. त्रिपाठी का विशेष आभार व्यक्त किया। NOFAA के महासचिव श्री सुरोजित दासगुप्ता द्वारा इस विषय पर अनुरोध किए जाने के तुरंत बाद जनपद की हाईराइज सोसायटियों में पोलियो टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान के पहले दो दिनों में ही शहर की विभिन्न सोसायटियों में 5,000 से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है।
बोर्ड ने भारत सरकार का भी आभार व्यक्त किया कि उसने हाईराइज सोसायटियों द्वारा उठाई गई चिंता पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए डीजल खरीद से संबंधित नियमों को सरल बनाया। इस निर्णय से बिजली कटौती के दौरान सोसायटियों में डीज़ल जनरेटर के माध्यम से लिफ्ट, पानी की आपूर्ति, अग्निशमन प्रणाली तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन अधिक सुगमता से किया जा सकेगा।
बैठक में नोएडा के कुछ सेक्टरों में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। बोर्ड ने निर्णय लिया कि इन मुद्दों को शीघ्र ही नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के समक्ष उठाया जाएगा ताकि निवासियों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अवसर पर NOFAA अध्यक्ष श्री पुनीत शर्मा ने कहा कि नई कार्यकारिणी प्रशासन, प्राधिकरणों एवं सभी संबंधित विभागों के साथ सकारात्मक समन्वय स्थापित करते हुए हाईराइज सोसायटियों के निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
महासचिव श्री सुरोजित दासगुप्ता ने कहा, “NOFAA का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि प्रशासन के साथ मिलकर उनके व्यावहारिक और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करना है। हमारी प्राथमिकता हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा, बेहतर नागरिक सुविधाएँ, पर्यावरण संरक्षण, जागरूकता और सुशासन को बढ़ावा देना है, ताकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों निवासियों का जीवन और अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बन सके।”
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि NOFAA भविष्य में भी नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के हाईराइज निवासियों की आवाज़ को और अधिक मजबूती से उठाते हुए उनके हितों की रक्षा तथा बेहतर शहरी जीवन के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।




