Noida: बारिश से ड्रेनेज सिस्टम फेल होने पर दफ्तर से निकले प्राधिकरण के अधिकारी, ग्रेनो वेस्ट में लंदन मार्ट की गिरी दीवार
श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के पास निर्माणाधीन लंदन मार्ट में बेसमेंट की खुदाई के दौरान बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई।

ग्रेटर नोएडा में हुई वीरवार को बारिश के बाद ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जलभराव होने से शहर की सड़कें तालाब बन गईं। सरकारी कार्यालयों में पानी भर गया, कई जगह सड़कें धंस गईं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। बारिश के बाद जिला मुख्यालय, पुलिस लाइन, बेसिक शिक्षा विभाग, सरकारी स्कूलों और अस्पताल परिसरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। सूरजपुर स्थित कस्बा पुलिस चौकी पानी से लबालब हो गई।
श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के पास निर्माणाधीन लंदन मार्ट में बेसमेंट की खुदाई के दौरान बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई। साथ ही उसके पास सटी सड़क भी धंस गई। हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावे प्राधिकरण के फेल नजर आए। कई स्थानों पर नाले उफनकर सड़कों पर बहने लगे। हाइराइज सोसायटियों और सेक्टरों में भी जलभराव से लोगों को काफी परेशानी हुई।
ड्रैनज सिस्टम पूरी तरफ फेल होने के बाद वीरवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम फील्ड में नजर आई। तब तक हालत खस्ता हो चुके थे। वर्क सर्किल की टीम के साथ ही एसीईओ, महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक वर्क सर्किल टीम के साथ फील्ड में घूमे। जलजमाव वाले जगहों पर पंप लगाकर पानी की निकासी कराई गई, जिस रोड पर पानी जमा होता दिखा, वहां की नालियों व ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने तेज बारिश के मद्देनजर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को फील्ड में रहने और जलभराव की समस्या को दुरुस्त करने के निर्देश दिए है। वर्क सर्किल में सुपरवाइजर से लेकर वर्क सर्किल प्रभारी तक, फील्ड में तैनात किए गए।जिन सड़कों पर जलभराव दिखा, वहां के ड्रेनेज सिस्टम व नालियों को तत्काल साफ कराया गया। सभी वर्क सर्किल की टीमें अपने एरिया में जलभराव से जुड़ा अपडेट ग्रुप पर डालते रहे। जलभराव से निपटने के लिए खुद एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सेक्टर ईकोटेक -2 व आसपास के एरिया का निरीक्षण किया।
एसीईओ सुमित यादव ने ईकोटेक -3 व 130 मीटर रोड का जायजा लिया। इनके अतिरिक्त जीएम एके सिंह, डीजीएम विजय कुमार रावल भी फील्ड में डटे रहे। विजय कुमार रावल ने बैनेट विवि, सिरसा गोलचक्कर, ट्रकर्स प्वाइंट और आसपास के एरिया का जायजा लिया। सभी गोलचक्करों के आसपास जलभराव रोकने के लिए टीमें तैनात रहीं। वर्क सर्किल और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम बनाकर नालों की सफाई के लिए ग्रामवार शेड्यूल के अनुसार सफाई कराई जा रही है।



