Noida Big Breaking: नोएडा के ममूरा में लखनऊ कोचिंग जैसा अग्निकांड, 5 मंजिला PG बिल्डिंग में भीषण आग; 2 युवतियों की मौत, 50 परिवारों का रेस्क्यू

नोएडा। नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र के ममूरा गांव स्थित एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में बुधवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, इमारत में कई परिवारों के साथ-साथ पीजी (पेइंग गेस्ट) भी संचालित किया जा रहा था। आग लगते ही पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई, जिससे लोग अपनी जान बचाने के लिए छत और बालकनियों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह ग्राउंड फ्लोर पर चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक वाहन (EV) की बैटरी से निकली चिंगारी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं, भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों और पीजी संचालन से जुड़े नियमों के पालन की भी जांच की जा रही है। मामले में मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों और पीजी भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।




