Noida: जेवर में बाइक सवार बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर पर गोलियां बरसाकर की हत्या, रंजिश के चलते दिया घटना को अंजाम
जहांगीरपुर के मोहल्ला व्यापारियान निवासी इमरान बुधवार रात कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दुकान पर गया था।

जहांगीरपुर कस्बे में बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर इमरान (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इमरान मेडिकल स्टोर से दवाई लेने के बाद पास की दुकान पर बैठकर कोल्ड ड्रिंक पी रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार बदमाश वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जेवर कोतवाली में इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
जहांगीरपुर के मोहल्ला व्यापारियान निवासी इमरान बुधवार रात कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दुकान पर गया था। पहले से ही घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ उनपर फायरिंग कर दी। बताया गया है कि हमलावर बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने इमरान को निशाना बनाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल इमरान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मृतक के भाई फुरकान की शिकायत पर पुलिस ने अनीश, नफीस, शेरु उर्फ आरिफ, चांद, यूनुस और जान मोहम्मद समेत छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे वर्ष 2021 में हुई एक हत्या से जुड़ी पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में जहांगीरपुर निवासी यूसुफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में इमरान समेत कई लोगों के नाम सामने आए थे।




