Noida: बारिश और तूफान से आफत, हाईवे पर प्राधिकरण का बोर्ड गिरने से एक घायल और लगा जाम, मजदूर की हुई दर्दनाक मौत
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई स्थानों पर पेड़, बिजली के पोल और होर्डिंग गिर गए। जीटी रोड पर कोट चौकी के पास प्राधिकरण का होर्डिग गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई

नोएडा में आई बारिश और आंधी वीरवार को लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी है। डेल्टा-1 मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन सोसाइटी में चौथी मंजिल से ईटें मजदूर के सिर पर गिरने से मौत हो गई। बताया गया है कि आंधी की वजह से चौथी मंजिल से ईटें गिरने शुरु हो गई थी। मजदूर तीसरी मंजिल पर खड़ा था। उसके सिर पर ईट गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रंजीत मंडल (45) पुत्र सहदेव मंडल के रुप में हुई है।
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई स्थानों पर पेड़, बिजली के पोल और होर्डिंग गिर गए। जीटी रोड पर कोट चौकी के पास प्राधिकरण का होर्डिग गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। वहीं, हादसे के दौरान एक एंबुलेंस जाम में फंस गई। जिसकी वजह से लगे जाम में लोगों को परेशानी हुई। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में टावर-आई के पास इमारत का प्लास्टर टूटकर नीचे खड़ी गाड़ियों पर गिर गया। हादसे में दो से तीन कार क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इटैडा क्षेत्र में एक विशाल होर्डिंग तेज हवा के झोंकों से सड़क पर आ गिरा। पंचशील ग्रीन-1 के पास मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। सूरजपुर स्थित यामाहा कंपनी के प पास पेड़ सड़क पर गिर गया, जिसे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद हटाया। ईकोटेक-3 क्षेत्र में एक हाइवा वाहन पर भी पेड़ गिर गया, जिसे बाद में क्रेन की मदद से हटाया गया। लगातार दो घंटे तक हुई बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की भी पोल खोल दी। कई सेक्टरों, औद्योगिक क्षेत्रों और गांवों की सड़कें पानी में डूब गईं। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को घंटों जाम और परेशानी का सामना करना पड़ा।




