Noida: ग्रेनो वेस्ट में बढ़ते पेयजल संकट के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, जाम लगाकर बिल्डर पर लगाया आरोप
महागुन मायवुड्स सोसाइटी के तीनों फेज में रहने वाले करीब छह हजार परिवार पेयजल को लेकर परेशान है। विरोध में निवासी सोसाइटी के गेट नंबर-2 पर एकत्रित हुए और मेन रोड पर जाम लगा दिया।

करीब एक माह से पेयजल संकट से जूढ रहे ग्रेनो वेस्ट स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी निवासियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। गुस्साए निवासी मंगलवार को सड़कों पर आ गए और विरोध में जाम लगा दिया। गुस्साए निवासियों की वजह से घंटों वाहन चालकों को परेशानी उठी पड़ी है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने निवासियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह स्थायी समाधान की मांग पर डटे रहे। इस दौरान ग्रेनो वेस्ट में यातायात प्रभावित हुआ। साथ ही निवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया।
जानकारी के अनुसार, महागुन मायवुड्स सोसाइटी के तीनों फेज में रहने वाले करीब छह हजार परिवार पेयजल को लेकर परेशान है। विरोध में निवासी सोसाइटी के गेट नंबर-2 पर एकत्रित हुए और मेन रोड पर जाम लगा दिया। जाम के दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। पेयजल संकट को दूर करने के लिए टैंकर भी मंगाए जा रहे हैं। निवासियों का कहना है कि उसके बाद भी जरुरत पूरी नहीं हो पा रही है। इससे जेब और अधिक ढीली हो रही है। सोमवार देर रात भी निवासियों ने मेंटेनेंस कार्यालय के बाहर पानी को लेकर प्रदर्शन किया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि पानी की समस्या को लेकर प्राधिकरण और बिल्डर प्रबंधन से शिकायत की जा रही है, लेकिन दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। प्राधिकरण की ओर से बिल्डर प्रबंधन की कमी बताई जाती है, जबकि बिल्डर प्रबंधन नोटिस जारी कर बताया गया कि प्राधिकरण की तरफ से पेयजल की आपूर्ति पर्याप्त रूप से नहीं हो रही है।




