Noida: चेकिंग के दौरान गिरफ्तार युवक निकला खूंखार अपराधी, हत्या-गैंगस्टर में शामिल बदमाशों से लूट के 22 मोबाइल बरामद
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुलिस ने संतोष चौधरी और फारूख उर्फ सफिया के रूप में की है। सेंट्रल डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम भंगेल में गंदे नाले वाली रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

नोएडा की फेस-2 पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 22 मोबाइल फोन, चोरी की बाइक और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों पर पहले से हत्या, गैंगस्टर और लूट जैसे संगीन मामलों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुलिस ने संतोष चौधरी और फारूख उर्फ सफिया के रूप में की है। सेंट्रल डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम भंगेल में गंदे नाले वाली रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट लगी बाइक पर दो युवक आते हुए दिखाई दिए। उन्हें रोककर तलाशी ली तो लूट के मोबाइल मिले। साथ ही दो चाकू बरामद हुए। बरामद बाइक चोरी की निकली, जिसका मुकदमा पहले से फेस-2 थाने में दर्ज है।
डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा ने बताया कि आरोपी फारूख उर्फ सफिया पुलिस रिकॉर्ड में बेहद खूंखार अपराधी है। जिसपर हत्या, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी संतोष चौधरी पर एनडीपीएस, चोरी, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के 12 संगीन मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी राहगीरों को चाकू का भय दिखाकर मोबाइल झपटते थे और बिना नंबर प्लेट की बाइक से फरार हो जाते थे।



