Noida: 15 लाख आबादी वाले शहर के निवासी मेट्रो के लिए सड़कों पर उतरे, मोटी रस्सी से खींचा मेट्रो का पिलर
विरोध में नेफोवा ने निवासियों के साथ मिलकर सेक्टर-71 चौराहे के पास अंतिम मेट्रो पिलर के पास जोरदार प्रदर्शन किया।

ग्रेनो वेस्ट आज के समय में तेजी से विकसित हो रहा है। ऊंची-ऊंची इमारतें और 100 से अधिक हाउसिंग सोसाइटी में करीब 15 लाख के अधिक की आबादी है। बड़े शहर के रुप में उभरे ग्रेनो वेस्ट के विकास में मेट्रो कनेक्टिविटी का अभाव है। बिल्डरों ने भी करीब 2010 के आस—पास में मेट्रो के नाम पर शहर को खूब बेचा था। घर खरीदारों ने मेट्रो सुविधा का जमकर झांसा दिया। करीब 16 साल बाद भी निवासी मेट्रो के लिए तरस रहे है। अब एक बार फिर से मेट्रो के डीपीआर को निरस्त कर दिया गया है।
विरोध में नेफोवा ने निवासियों के साथ मिलकर सेक्टर-71 चौराहे के पास अंतिम मेट्रो पिलर के पास जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अनोखे तरीके से विरोध दर्ज करा रहे लोगों ने मोटी रस्सी से मेट्रो पिलर को खींचकर ग्रेनो वेस्ट की ओर ले जाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बार-बार डीपीआर निरस्त होने से क्षेत्र के लाखों निवासियों में निराशा है। निवासियों ने बताया कि वे रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम से जूझते हैं, जबकि क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।
पिछले 10 वर्षों से मेट्रो को लेकर केवल वादे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई प्रगति नजर नहीं आ रही। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने जमकर नारेबाजी की तथा केंद्र एवं राज्य सरकार से गुहार लगाया कि मेट्रो हमारी आवश्यकता है और इसे अब और ज्यादा विलंब किए बिना कार्य शुरू होना चाहिए। नेफोवा अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। बार-बार डीपीआर निरस्त करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लाखों लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। हम सरकार से मांग करते हैं कि मेट्रो परियोजना को जल्द से जल्द मंजूरी देकर कार्य शुरू किया जाए।
एक्टिव सिटीजन के आलोक कुमार ने कहा कि यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, लेकिन आधारभूत सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट न होने से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। सरकार को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।




