×
Uncategorized

Noida: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 32 यात्री निकाले गए सुरक्षित

पुलिस के मुताबिक, बीएसएस कूल कूल जमना ट्रैवलर्स की बिहार नंबर की स्लीपर बस मंगलवार को दिल्ली के लाल किला से करीब 32 यात्रियों को लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुई थी।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 के पास मंगलवार को दिल्ली से बिहार जा रही स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को समय रहते रोक दिया। इसके बाद सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के मुताबिक, बीएसएस कूल कूल जमना ट्रैवलर्स की बिहार नंबर की स्लीपर बस मंगलवार को दिल्ली के लाल किला से करीब 32 यात्रियों को लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुई थी। बस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में धुआं आग की लपटों में बदल गया। चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा।

बस में आग की सूचना मिलते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। यात्री अपना सामान लेकर बस से बाहर निकलने लगे। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में बस का काफी हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गौरतलब है कि इससे पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर भी बिहार नंबर की स्लीपर बस में भीषण आग लगने की घटना हुई थी। उस हादसे में नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई थी। ऐसे में मंगलवार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में सभी 32 यात्रियों के सुरक्षित बच जाने से बड़ा हादसा टल गया।

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close