Noida: नोएडा एलिवेटेड पर जल्द रफ्तार पकड़ेंगे वाहन, सामने आई अच्छी खबर
नोएडा विधायक पंकज सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के आला अधिकारियों के साथ चिल्ला रेगुलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक बन रहे 5.57 किमी लंबे छह लेन एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया।

नोएडा में भीषण जाम की समस्या को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली के मयूर विहार से नोएडा के सेक्टर-150 तक यातायात को निर्बाध करने वाली चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना का काम अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है। नोएडा विधायक पंकज सिंह ने अधिकारियों के साथ प्रोजेक्ट का स्थल निरीक्षण कर इसकी समीक्षा की।
नोएडा विधायक पंकज सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के आला अधिकारियों के साथ चिल्ला रेगुलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक बन रहे 5.57 किमी लंबे छह लेन एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया। विधायक ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और यह अपने निर्धारित लक्ष्य से आगे चल रहा है। इस 892.75 करोड़ रुपये की परियोजना की खास बात यह है कि चिल्ला एलिवेटेड रोड को सेक्टर-94 के पास पुस्ता मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए IIT रुड़की DPR तैयार कर रहा है।
पुस्ता मार्ग के सुदृढ़ीकरण के बाद मयूर विहार से सेक्टर-150 जाने वाला ट्रैफिक सीधे निकल सकेगा, जिससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर बोझ कम होगा। अब तक 1567 पाइल्स में से 1286 का काम पूरा हो चुका है और 1310 गर्डर्स में से 378 की कास्टिंग हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि NGT के ग्रेप-4 प्रतिबंधों के कारण करीब 30 दिनों तक काम बंद रहा, इसके बावजूद पहले माइलस्टोन को समय पर पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में करीब 185.48 करोड़ रुपये का कार्य पूरा हो चुका है और आने वाले समय में निर्माण कार्य की गति और बढ़ाई जाएगी।




