ग्रेटर नोएडा: अनमोल इंडस्ट्रीज में दूसरे दिन भी काली पट्टी बांधकर कर्मचारियों का शांतिपूर्ण विरोध जारी

ग्रेटर नोएडा – ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार स्थित अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कर्मचारियों का काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी नियमित रूप से उत्पादन कार्य करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज करा रहे हैं।
अनमोल इंडस्ट्रीज इम्प्लॉईज यूनियन (सीटू) के अनुसार, 24 जून 2026 को कारखाना प्रबंधन को दी गई पूर्व सूचना के आधार पर 29 जून को संस्थान के मुख्य द्वार पर गेट मीटिंग के बाद यह विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया था।
यूनियन का कहना है कि श्रमिकों की विभिन्न मांगों से संबंधित मांग-पत्र 31 दिसंबर 2025 को प्रबंधन को सौंपा गया था। इस संबंध में कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन अब तक कोई सम्मानजनक समझौता नहीं हो सका है। इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा घोषित अप्रैल 2026 के महंगाई भत्ते का भुगतान भी कर्मचारियों को नहीं किया गया है।
यूनियन ने आरोप लगाया कि प्रबंधन श्रमिकों की मांगों से ध्यान हटाने के लिए अकुशल श्रमिकों से अर्धकुशल तथा अर्धकुशल श्रमिकों से कुशल श्रमिकों का कार्य करा रहा है। इससे उत्पादन की गुणवत्ता प्रभावित होने, ब्रोकन और लेमिनेट वेस्टेज बढ़ने तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी होने का खतरा पैदा हो रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मांग-पत्र पर सम्मानजनक समझौता नहीं होता और अप्रैल 2026 के महंगाई भत्ते का लाभ नहीं दिया जाता, तब तक काली पट्टी बांधकर उनका शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा।
यूनियन ने कहा कि यदि प्रबंधन सकारात्मक वार्ता कर समाधान निकालता है तो उसका स्वागत किया जाएगा। अन्यथा मामले को श्रम विभाग और लेबर कमिश्नर के समक्ष उठाया जाएगा।
यूनियन ने यह भी कहा कि यदि शांतिपूर्ण विरोध के दौरान किसी प्रकार की श्रम अशांति उत्पन्न होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संस्थान प्रबंधन की होगी।




