Noida: जिम्स में डॉक्टरों की सांकेतिक हड़ताल के बीच पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, स्टाफ नर्स बोलीं-जीवन खराब करने की दी धमकी
आरोप है कि करीब 30 से 40 मिनट तक गाली-गलौज और मारपीट होती रही है। अस्पताल प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
जिम्स में डॉक्टरों और स्टाफ नर्स के बीच चल रहे विवाद के बीच रविवार को कासना कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह मुकदमा जिम्स के रेजीडेंट डॉक्टर राहुल की तहरीर पर दर्ज किया गया है। स्टाफ नर्स नीतू चपराना और दो से तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि अस्पताल परिसर में शनिवार को ओपीडी के पास उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
आरोप है कि करीब 30 से 40 मिनट तक गाली-गलौज और मारपीट होती रही है। अस्पताल प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से कुछ लोग उनका पीछा कर रहे थे और उन्हें डराने की कोशिश कर रहे थे। इस मामले में 10 अक्टूबर को मारपीट और अभद्रता के आरोप में नीतू चपराना को नौकरी से निकाल दिया गया है। अस्पताल में कर्मचारियों की तैनाती करने वाली कंपनी टीएंडएम सर्विसेज कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड ने तत्काल प्रभाव से उसकी सेवाएं समाप्त की है।
कंपनी की तरफ से यह बताया गया विवाद
कंपनी की तरफ से जारी किए गए पत्र के मुताबिक, नीतू चपराना के खिलाफ छह अक्तूबर को एक लिखित शिकायत मिली थी। जिसमें उनपर अभद्रता का आरोप था। आरोप है कि नीतू ने डिस्चार्ज समरी को लेकर इंटर्न डॉक्टर मुस्कान रावल के साथ अभद्रता की। नीतू और मुस्कान के विवाद में जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर राहुल सिंह भी आ गए। उन्होंने डॉ. मुस्कान रावल का साथ देते हुए नीतू को ऐसा न करने को कहा। आरोप है कि 10 अक्टूबर को नीतू के साथ दो अन्य लोग आए थे। जिनके सामने नीतू ने डॉक्टर को थप्पड़ जड़ा था।
स्टाफ नर्स ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं, डॉक्टर पर भी गंभीर आरोप लगाए गए है। आरोप है कि डॉक्टर राहुल ने उनके साथ गाली—गलौज करते हुए मारपीट करने की धमकी दी। उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। मुस्कान रावल के साथ मिलकर डॉक्टर राहुल ने उनका जीवन खराब करने की भी बात कही है।




