Noida: डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटने के विरोध में उमड़ा जनसैलाब, पर्थला खंजरपुर ब्रिज पर की महापंचायत
महापंचायत में शामिल हुए किसान नेता सुखबीर खलीफा ने साफ शब्दों में कहा कि मेहनत करने वालों के हितों की रक्षा होनी चाहिए
डूब क्षेत्र में बिजली विभाग ने बड़े पैमाने पर काटे गए बिजली कनेक्शनों के विरोध में लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। सैंकड़ों निवासियों ने सोमवार को पृर्थला खंजर ब्रिज पर प्रदर्शन कर विशाल महापंचायत का आयोजन किया। महापंचायत में ग्रामीणों और किसानों ने बिजली काटे जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की और प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ आगे की ठोस रणनीति पर मंथन किया।
महापंचायत में शामिल हुए किसान नेता सुखबीर खलीफा ने साफ शब्दों में कहा कि मेहनत करने वालों के हितों की रक्षा होनी चाहिए और सरकार को इस दिशा में जनहितैषी कदम उठाने होंगे। पृर्थला ब्रिज के पास आयोजित इस महापंचायत में डूब क्षेत्र के सैकड़ों लोग एकजुट हुए। लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
महापंचायत में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से किसानों और मेहनतकश लोगों को केवल आश्वासनों और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभा को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि अगर मेहनतकश तबके का भला होगा, तो इससे सरकारों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अच्छे और ईमानदार लोगों की रक्षा करना और उनके हक में फैसले लेना सरकार का दायित्व है।
महापंचायत में मौजूद लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि काटे गए बिजली कनेक्शनों को जल्द बहाल नहीं किया गया और समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला गया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक तेज करने के लिए बाध्य होंगे।




