Noida: ग्रेनो वेस्ट के गौड़ सिटी मॉल स्थित KFC से लिए चिकन मील में मिला मरा हुआ कीड़ा, वीडियो वायरल होने पर उठे सवाल
वह गौर सिटी मॉल स्थित KFC स्टोर पर गया था। वहां उसने चिकन मील ऑर्डर किया। उसे खाते समय अचानक चिकन मील में पड़े एक मरे हुए कीड़े पर उनकी नजर पड़ी।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी मॉल के KFC स्टोर में चिकन मील के अंदर मरा हुआ कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। खाने में कीड़ा मिलने के बाद ग्राहक ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। ग्राहक ने खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पीड़ित के मुताबिक, वह गौर सिटी मॉल स्थित KFC स्टोर पर गया था। वहां उसने चिकन मील ऑर्डर किया। उसे खाते समय अचानक चिकन मील में पड़े एक मरे हुए कीड़े पर उनकी नजर पड़ी। खाने में कीड़ा देखकर वह हैरान रह गए। इसके बाद उसने खाने की वीडियो बनाई और पूरे मामले को रिकॉर्ड कर लिया। ग्राहक का आरोप है कि खाने में कीड़ा मिलने के बाद उसने तत्काल KFC के काउंटर पर पहुंचकर स्टोर कर्मचारियों से शिकायत की। उसने कर्मचारियों को खराब खाने के बारे में जानकारी दी और मामले पर कार्रवाई की मांग की। ग्राहक ने बाद में सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
ग्राहक ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठित फूड चेन के स्टोर पर ग्राहकों को खाना परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। खाने के अंदर मरा हुआ कीड़ा मिलना गंभीर लापरवाही का मामला है। इस तरह की लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा और रेस्टोरेंट में साफ-सफाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने मामले की जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच किए जाने की मांग की है।




