Noida: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान चलेंगी शटल, वीआईपी की सुरक्षा और सुविधाओं की गई समीक्षा
बैठक में यातायात व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, आयोजन स्थल, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, साइनेज, ब्रांडिंग और आगंतुकों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितम्बर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एडीएम मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक बैठक की गई। जिसमें खरीदारों और वीवीआईपी की सुविधाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में यातायात व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, आयोजन स्थल, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, साइनेज, ब्रांडिंग और आगंतुकों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। एडीएम ने सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए है। एडीएम ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो औद्योगिक विकास, निवेश, व्यापार एवं उद्यमिता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है।
इसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ आमलोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगंतुकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल के आसपास एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग, डायवर्जन एवं दिशा-सूचक बोर्ड की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था, शटल सेवा एवं आयोजन स्थल तक आगंतुकों के आवागमन के इंतजाम करने के नि र्देश दिए है।
सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की ब्रांडिंग के लिए आवश्यक स्थानों पर होर्डिंग, फ्लेक्स एवं एलईडी डिस्प्ले आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। इस दौरान डीसीपी रवि शंकर निम, एआरटीओ डॉ. उदित नारायण पांडे, आरएम नोएडा एमके सिंह, एआरएम ग्रेटर नोएडा समीना अंजुम, एआरएम गाजियाबाद एसडी शर्मा, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह आदि मौजूद रहे।



