Noida: NOFAA के अध्यक्ष बने पुनीत शर्मा, शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा
समारोह के दौरान पुनीत शर्मा ने नोफा के अध्यक्ष और सुरोजित दासगुप्ता ने महासचिव के रूप में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया।

नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन्स(NOFAA) की तरफ से रविवार को सेक्टर-50 स्थित कम्युनिटी सेंटर में 2026-2028 के लिए नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह और जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा एओए के प्रतिनिधि, रेजिडेंट लीडर्स और समाज के प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद रहे।
समारोह के दौरान पुनीत शर्मा ने नोफा के अध्यक्ष और सुरोजित दासगुप्ता ने महासचिव के रूप में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने नोफा की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के निवासियों की आवाज़ को मजबूती से उठाने, सामुदायिक नेतृत्व को प्रोत्साहित करने और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नोफा के अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि नोफा आज अपार्टमेंट निवासियों और एओए का एक सशक्त एवं विश्वसनीय मंच बन चुका है। इसका उद्देश्य प्रशासन और विभिन्न प्राधिकरणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। साथ ही निवासियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान की दिशा में कार्य करना है। नोफा के महासचिव सुरोजित दासगुप्ता ने कहा कि आने वाले सालों में एओए को और अधिक सशक्त बनाने, सामुदायिक नेतृत्व को बढ़ावा देने, सुशासन की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने, सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान देगा।



