दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने दी राहत, तापमान में आई गिरावट !

नोएडा: बुधवार रात झमाझम बारिश के बाद गुरुवार को भी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में बारिश की फुहारें जारी रहीं।
सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम सुहाना बना हुआ है। फरीदाबाद समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही दिनभर के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग तीव्रता की बारिश होने की चेतावनी दी गई है। गुरुवार को सुबह के समय भी बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश हुई।
तापमान में गिरावट, मौसम हुआ ठंडा
बारिश के चलते राजधानी दिल्ली में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम होकर 30.6 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4.3 डिग्री कम 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हवा में नमी का स्तर भी बढ़ा
गुरुवार को हवा में नमी का स्तर 100 प्रतिशत से घटकर 79 प्रतिशत तक रहा, जिससे उमस बनी रही, लेकिन बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी।




