दो बड़ी वारदातों के बाद हरकत में आए पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के निवासी, DCP और ADM को सौंपा सुरक्षा सुधार का ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा – ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में 5 जुलाई की रात हुई दो गंभीर चोरी/डकैती की घटनाओं के बाद अब निवासी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गए हैं। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट कम्युनिटी टीम के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपायुक्त (DCP) शैलेन्द्र सिंह और अपर जिलाधिकारी (ADM) मंगलेश दूबे से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सोसाइटी में प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा गार्डों की संख्या, रात्रि गश्त और आधुनिक सुरक्षा तंत्र को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उनका कहना था कि उद्देश्य केवल हालिया घटनाओं के आरोपियों को सजा दिलाना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना और प्रत्येक निवासी की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ADM मंगलेश दूबे ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने DCP शैलेन्द्र सिंह से मुलाकात कर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आभार व्यक्त किया। बैठक में पुलिस कार्रवाई की समीक्षा के साथ भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
DCP शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने निवासियों से सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि सोसाइटी की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कम्युनिटी टीम के वरिष्ठ सदस्य रिटायर्ड कमांडर उदल सिंह और सुन्दर सिंह ने कहा कि सोसाइटी के प्रत्येक निवासी की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन के साथ लगातार संवाद जारी रहेगा। अशोक चौधरी ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के साथ-साथ भविष्य के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तैयार करना भी आवश्यक है।
एडवोकेट गौरव शर्मा ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे निवासियों का कानून व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है। वहीं राजश्री बिष्ट और इंदु सोनी ने उम्मीद जताई कि प्रशासन, पुलिस और कम्युनिटी टीम के संयुक्त प्रयासों से सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सुदृढ़ होगी।
प्रतिनिधिमंडल में हालिया घटना से प्रभावित सी-126 निवासी अपर्णा राय सहित राजश्री बिष्ट, इंदु सोनी, रिटायर्ड कमांडर उदल सिंह, सुन्दर सिंह, प्रमोद अग्रवाल, एडवोकेट गौरव शर्मा, संदीप त्यागी और अशोक चौधरी समेत कई निवासी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आधुनिक तकनीक और बेहतर निगरानी व्यवस्था के माध्यम से सोसाइटी की सुरक्षा को और मजबूत करने की मांग की।




