Noida: सड़क हादसे में घायल युवक के दिमाग के वेंट्रिकल्स तक फैली ब्लीडिंग, डॉक्टरों ने ऐसे बचाई जान
घायल का नाम नीरज कुमार है। वह बाइक पर सवार था। नोएडा में स्पीड ब्रेकर पर उछलकर बाइक सवार नीचे गिर गया।

सड़क हादसे में एक 27 वर्षीय युवक घायल हो गया। घायल युवक के दिमाग में गंभीर चोट आ गई। साथ ही चेहरे, छाती, फेफड़ों और बाएं हाथ पर भी गंभीर चोटें आई थीं। बेहोशी की हालत में उसे नोएडा के कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। मरीज को सांस लेने में भी दिक्कतें आ रही थी। उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे ICU में भर्ती कराया गया।
घायल का नाम नीरज कुमार है। वह बाइक पर सवार था। नोएडा में स्पीड ब्रेकर पर उछलकर बाइक सवार नीचे गिर गया। उनके सिर, चेहरे, छाती, फेफड़ों और बाएं हाथ में चोटें आईं और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें ब्रीदिंग ट्यूब लगाई और फिर वेंटिलेटर व ICU में रखा।
मरीज़ को दिमाग की गंभीर चोट के साथ-साथ चेहरे, छाती, फेफड़ों और हाथ में भी गंभीर चोटों के इलाज की ज़रूरत थी। ब्रेन स्कैन में ‘डिफ्यूज़ एक्सोनल इंजरी’ और ‘सबअराक्नॉइड हैमरेज’ का पता चला। इसके कारण दिमाग के वेंट्रिकल्स तक ब्लीडिंग फैल गई थी। कैलाश हेल्थकेयर के न्यूरोसाइंसेज के निदेशक डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि सिर के अलावा नीरज के शरीर के कई अन्य हिस्सों में भी चोटें थीं। पहली प्राथमिकता उन्हें स्थिर करना और उनके दिमाग की स्थिति पर बारीकी से नज़र रखना था। न्यूरोलॉजिकल की जांच की और फ़ॉलो-अप स्कैन किए। इसके साथ ही उनकी अन्य चोटों का भी इलाज किया।
बाद में किए गए CT स्कैन से पता चला कि इंट्रावेंट्रिकुलर हैमरेज यानी दिमाग के वेंट्रिकुलर स्पेस में ब्लीडिंग में थोड़ी कमी आई है। सिर की बाईं ओर जमा खून और सूजन में भी काफी कमी देखी गई। चेहरे के CT स्कैन से पता चला कि चेहरे की कई हड्डियां कई टुकड़ों में टूट गई थीं। अपनी सामान्य जगह से हट गई थीं। इस तरह की चोट को ‘कॉमिन्यूटेड’ और ‘डिस्प्लेस्ड पैन्फेशियल फ्रैक्चर’ कहा जाता है।
चोटों में गाल की हड्डी और उसके आर्च, जबड़े की हड्डी और ऊपरी जबड़े के साथ-साथ आंख के आस-पास और चेहरे के अन्य हिस्सों की हड्डियां टूटना शामिल था। साथ ही काफी सूजन और सॉफ्ट टिश्यू यानी कोमल ऊतकों में भी चोट आई थी।
ठीक होने के बाद नीरज कुमार ने इतने मुश्किल दौर में उनका साथ देने और इलाज करने वाले डॉक्टरों, मेडिकल टीम और अपने परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।



