उत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरग्रेटर नोएडानोएडानोएडा वेस्ट

शुभारंभः गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में यूनेस्को-इंडिया-अफ्रीका हैकथॉन 2022 का आगाज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, देश में पहली बार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम, 22 अफ्रीकी देशों के युवा ले रहे है भाग

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूनेस्को-इंडिया-अफ्रीका हैकथॉन-2022 का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने इंडो-अफ्रीकी देशों की कल्चरल परेड को भी देखा।

भारत-अफ्रीका के रिश्ते अद्भुत मिसाल

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-अफ्रीका के रिश्ते संयोग वाले संबंधों की एक अद्भुत मिसाल है। उपनिवेशवाद के खिलाफ एकजुटता, विकासशील देशों के बीच सहयोग की सच्ची भावना भारत-अफ्रीका महाद्वीप के मजबूत रिश्तों की आधारशिला रही है। हम जानते हैं भारतीय मनीषा में सदैव से विश्व कल्याण के जिन भावों को व्यक्त किया है, आज भी वह विश्व कल्याण का माध्यम बन सकता है। भारतीय मनीषा की अभिव्यक्ति वसुधैव कुटुम्बकम् के भावों का प्रतिनिधित्व करती है। भारत सदैव इसको अनुसरण करते हुए विश्व बंधुत्व के भाव को प्रबल करता रहा है। हैकथॉन भी हमारी इसी लोककल्याणकारी नीति का प्रतीक है।

श्रीराम, श्रीकृष्ण व बुद्ध की धरती है उप्र

अफ्रीका के कई देशों से आए डेलिगेट्स, छात्रों का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने कभी भी तलवार के बल पर किसी पर प्रभुत्व स्थापित नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में भारत की नीति पर प्रकाश डालते हुए बहुत स्पष्ट शब्दों में कहा था, भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध दिया है। भारत ने पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया है। भगवान श्रीराम की गाथा विश्व समुदाय के समक्ष मानव जीवन के सच्चे आदर्शों को व्यक्त करती है। अफ्रीका महाद्वीप के मारीशस में भगवान राम की आराधना और रामायण का प्रभाव सर्वविदित है। उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और महात्मा बुद्ध की धरती है।

नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं भारत-अफ्रीका संबंध

दक्षिण अफ्रीका के साथ भारत के संबंधों की मधुरता पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ अपने अहिंसक आंदोलन की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका से की थी। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला ने महात्मा गांधी को अपना आदर्श मानकर और अहिंसा को आधार बनाकर रंगभेद के खिलाफ अभियान शुरू किया और भेदभावपूर्ण व्यवस्था का अंत किया। भारत में उनका नाम अत्यंत आदर के साथ लिया जाता है। वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में भारत और अफ्रीका महाद्वीप के संबंध एक नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं। हाल ही में भारत से विलुप्त हो चुके चीतों को सितंबर 2022 में मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया था। ये चीते अफ्रीकी देश नामीबिया ही से लाए गए थे।

36 घंटे तक चलेगा हैकथॉन

मुख्यमंत्री ने हैकथॉन के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि भारत अफ्रीका के साथ सहयोग और साझेदारी के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में यूनेस्को-भारत-अफ्रीका हैकथॉन के पहले संस्करण का आयोजन हो रहा है। 36 घंटे के इस हैकथॉन का आयोजन 25 नवंबर तक होगा। इस हैकथान में शामिल होने के लिए 22 देशों के 400 से अधिक छात्र-छात्राएं और प्रतिनिधि यहां उपस्थिति हुए हैं। सभी छात्र छात्राएं भारत के छात्र छात्राओं के साथ मिलकर अलग-अलग टीमों के माध्यम से विभिन्न प्रॉब्लम स्टेटमेंट्स पर समाधान बनाने का प्रयास करेंगे। यह आयोजन अफ्रीका के छात्र छात्राओं को भारत में शिक्षा एवं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार के नए अवसरों का लाभ उठाने का भी अवसर प्रदान करता है। हैकथॉन के दौरान वो नवीन प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों की संकल्पना और संरचना भी करेंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप है। पीएम मोदी का मानना है कि मुख्य धारा की व्यापक समस्याओं के समग्र समाधान में युवाओं की भागीदारी होनी चाहिए।

नवाचार व स्टार्टअप को बढ़ावा दे रही सरकार

उत्तर प्रदेश में असीमित संभावनाओं के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में सम्मिलित है। प्रदेश में देश और विदेश के बड़े उद्यमी और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियां बड़ी मात्रा में निवेश कर रही हैं। प्रदेश सरकार ने कई फोकस सेंटर तय किए हैं। इसमें स्टार्टअप, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, एग्रो फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, टेक्सटाइल, नवीनीकरण ऊर्जा आदि शामिल हैं। उत्तर प्रदेश की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना वर्तमान में एक स्टार्टअप की तरह उभरकर विशिष्ट एवं प्रसिद्ध उत्पादों को जनमानस तक पहुंचाने का काम कर रही है। यह योजना न सिर्फ प्रदेश के जनपदों को एक नई पहचान दे रही है, बल्कि लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही है। प्रदेश सरकार नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए कृत संकल्पित है। इस संबंध में हमारी नीति भी स्पष्ट है। स्टार्टअप, इंक्यूबेटर, मेंटरशिप, सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप, इनोवेशन हब जैसे प्रयासों के माध्यमों से उत्तर प्रदेश एक सक्षम, उन्नत और अभिनव स्टार्ट इकोसिस्टम स्थापित करने के लिए कटिबद्ध है। इसी तरह, हैकथॉन स्टार्टअप कल्चर को न सिर्फ मजबूत नींव प्रदान करते हैं, बल्कि छात्र-छात्राओं के जीवन पर भी सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। हैकथॉन के माध्यम से बच्चे तकनीक का इस्तेमाल करते हुए नए-नए इनोवेशन करते हैं जो भविष्य में स्टार्ट अप बनकर देश को नवीन दिशा प्रदान कर सकते हैं।

विश्वस्तरीय स्टार्टअप इकोसिस्टम की ओर अग्रसर है प्रदेश

इनोवेशन और स्टार्टअप को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में भारत ने इनोवेशन एवं स्टार्ट अप के माध्यम से विश्व पटल पर एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हमारा देश स्टार्ट अप की दुनिया का विशिष्ट देश बन चुका है। यूनिकॉर्न यानी वन बिलियन डॉलर से अधिक वैल्यूएशन के स्टार्टअप तेजी से उभरकर सामने आ रहे हैं। इससे देश की अर्थव्यवस्था तो सुदृढ़ हो ही रही है, हमारे युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित करते हुए अनुकूल नीतिगत वातावरण प्रदान करके विश्वस्तरीय स्टार्टअप इकोसिस्टम स्थापित करने की ओर तेजी से अग्रसर है। नीति आयोग द्वारा जारी किए गए इंडिया इनोवेशन इंडेक्स 2021 के परफॉर्मर कैटेगरी के तहत बड़े राज्यों की सूची में उत्तर प्रदेश देश के टॉप-5 राज्यों में सम्मिलित है। हम जल्द ही शीर्ष स्थान पर पहुंचने के लिए पूरी मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं।

विशिष्ट धरोहरों का जरूर करें भ्रमण

प्रदेश में आए मेहमानों से मुख्यमंत्री ने अपील की और कहा कि सभी अतिथियों से मेरा अनुरोध है कि इस हैकथॉन के बाद आप प्रदेश में स्थिति भारत की विशिष्ट धरोहरों काशी, मथुरा, अयोध्या, प्रयागराज, आगरा आदि का भ्रमण कर हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से भी परिचय प्राप्त करें। आप सभी युवा जिस तरह की प्रतिभा और नवाचार के धनी हैं मुझे आशा है कि हम सब मिलकर समाज की बेहतरी एवं अंत्योदय के संबंध में विभिन्न समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।

इस अवसर पर केंद्र के शिक्षा मंत्री के. संजय मूर्ति, सांसद डा महेश शर्मा, विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह, अन्य देशों के विशिष्ट अतिथि, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के उप कुलपति राकेश कुमार सिन्हा, पुलिस आयुक्त आलोक सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा/ग्रेटर नोएडा ऋतु माहेश्वरी, जिलाधिकारी सुहास एलवाई सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक एवं विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Prahlad Verma

उत्तर प्रदेश के मऊनाथ भंजन के कोपागंज कस्बे में जन्म। स्नातक और स्नातकोत्तर की शिक्षा फैजाबाद (अब अयोध्या) से हासिल करने के बाद वर्ष 1982 से स्तंभकार के तौर पत्रकारिता की शुरुआत। पत्रकारीय यात्रा हिन्दी दैनिक जनमोर्चा से शुरू होकर, नये लोग, सान्ध्य दैनिक प्रतिदिन, स्वतंत्र चेतना, कुबेर टाइम्स, अमर उजाला और विभिन्न क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अखबारों से होते हुए दैनिक जागरण पर जाकर रुकी। दैनिक जागरण से ही 15 जनवरी 2021 को सेवानिवृत्त। इसके बाद क्षेत्रीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न समाचार पत्रों में निर्वाध रूप से लेखन जारी। अब फेडरल भारत डिजीटल मीडिया में संपादक के रूप में द्वितीय दौर की पत्रकारिता का दौर जारी।

Tags

Prahlad Verma

उत्तर प्रदेश के मऊनाथ भंजन के कोपागंज कस्बे में जन्म। स्नातक और स्नातकोत्तर की शिक्षा फैजाबाद (अब अयोध्या) से हासिल करने के बाद वर्ष 1982 से स्तंभकार के तौर पत्रकारिता की शुरुआत। पत्रकारीय यात्रा हिन्दी दैनिक जनमोर्चा से शुरू होकर, नये लोग, सान्ध्य दैनिक प्रतिदिन, स्वतंत्र चेतना, कुबेर टाइम्स, अमर उजाला और विभिन्न क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अखबारों से होते हुए दैनिक जागरण पर जाकर रुकी। दैनिक जागरण से ही 15 जनवरी 2021 को सेवानिवृत्त। इसके बाद क्षेत्रीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न समाचार पत्रों में निर्वाध रूप से लेखन जारी। अब फेडरल भारत डिजीटल मीडिया में संपादक के रूप में द्वितीय दौर की पत्रकारिता का दौर जारी।

Related Articles

Back to top button
Close