नोएडा में सपा का प्रदर्शन, मेयर सुषमा खड़कवाल के बयान पर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

नोएडा – आज नोएडा में भारतीय जनता पार्टी की मेयर सुषमा खड़कवाल द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की माता के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
समाजवादी पार्टी की ओर से जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। यह प्रदर्शन प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल, पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग एवं स्नातक प्रत्याशी एडवोकेट परमिंदर भाटी के नेतृत्व में हुआ।
कार्यकर्ता जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर एकत्रित हुए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुषमा खड़कवाल के बयान की कड़ी निंदा की।
एडवोकेट गौरव सिंघल ने कहा कि भाजपा का महिला सम्मान का दावा केवल दिखावा है और उसका उद्देश्य विपक्षी नेताओं को अपमानित कर समाज में विभाजन पैदा करना है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से ऐसी भाषा की अपेक्षा नहीं की जाती।
वहीं दीपक विग ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा महिलाओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार उनके नारी सशक्तिकरण के दावों को झूठा साबित करता है। उन्होंने मांग की कि सुषमा खड़कवाल को तत्काल मेयर पद से हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वरिष्ठ सपा नेता एडवोकेट परमिंदर भाटी ने भाजपा को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पार्टी केवल महिलाओं के सम्मान का दिखावा करती है, जबकि वास्तविक सम्मान समाजवादी पार्टी ही करती है।
इस दौरान कार्यक्रम में सुनीता शारदा, तेजप्रकाश त्यागी, सोनू त्यागी, मुकेश बाल्मीकि, रविन्द्र सिंह, सतपाल यादव, सुशीला भारती, प्रवीण सक्सेना, उमेश यादव, सुनील यादव, मोहित कुमार, नितिन अवाना, हीरालाल यादव, रामपाल सिंह, सौरभ अग्रवाल, राहुल शर्मा, सुनील शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




